NDTV इंडो-जापान समिट में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे भावुक हो गईं. वो उस दिन को याद कर रहीं थीं जब शिंजो आबे को प्रधानमंत्री रहते हुए दिनदहाड़े गोली मार दी गई थी. उन्होंने बताया कि घर से निकलते समय शिंजो आबे ने सिर्फ इतना कहा था, "फिर मिलते हैं", लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही उनके जीवन के आखिरी शब्द साबित होंगे.
नई दिल्ली में आयोजित NDTV इंडो-जापान समिट के दौरान जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी ने अपने पति की यादों को शेयर करते हुए भावुक हो गईं. साल 2022 में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस घटना को याद करते हुए आकिए आबे की आंखें नम हो गईं.
उन्होंने बताया कि 8 जुलाई की सुबह बिल्कुल सामान्य थी. शिंजो आबे ने हमेशा की तरह अपनी मां और उनके साथ बैठकर नाश्ता किया था. उस दिन वह बेहद अच्छे मूड में थे और राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे.
जाने से पहले उन्होंने उनसे कहा, "See you later" (फिर मिलते हैं). आकिए आबे ने कहा कि यही उनके पति के आखिरी शब्द थे जिन्हें वह आज तक नहीं भूल पाई हैं.
'आज भी अपने पति के सपनों को लेकर सोचती हूं'
आकिए आबे ने कहा कि उस घटना को चार साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन दुनिया बहुत बदल गई है. उन्होंने कहा कि वह आज भी रोज अपने पति के उन सपनों और प्लान के बारे में सोचती हैं. ये सपने वह दुनिया के लिए पूरा करना चाहते थे. उनके मुताबिक शिंजो आबे के पास भविष्य को लेकर कई बड़े प्लान थे और वह वैश्विक स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखना चाहते थे.
आज की दुनिया को लेकर जताई चिंता
आकिए आबे ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज दुनिया कई तरह की चुनौतियों और परेशानियों से घिरी हुई है. ऐसे समय में नेताओं का सकारात्मक सोच रखना बेहद जरूरी है. आकिए आबे ने कहा कि शिंजो आबे का हमेशा मानना था कि कठिन हालातों में भी उम्मीद और सकारात्मक सोच ही आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है.
समिट में मौजूद लोगों के लिए यह पल बेहद भावुक था. अपने पति की आखिरी याद साझा करते समय आकिए आबे कई बार रुकीं और उनकी आवाज भर्रा गई. उन्होंने साफ कहा कि शिंजो आबे सिर्फ जापान के नेता नहीं थे, बल्कि दुनिया को बेहतर बनाने का सपना देखने वाले व्यक्ति थे और वह आज भी उनके अधूरे सपनों के बारे में सोचती रहती हैं.
यह भी पढ़ें: EV ही नहीं, गोबर और पराली से भी चलेगी भारत की कारें... मारुति सुजुकी के CEO ने NDTV को बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं