विज्ञापन

पीएम मोदी को अजय राय ने दी गाली.. CM योगी ने जमकर सुनाया, कहा- कुसंस्कारी

अजय राय की विवादित टिप्पणी पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा पहले इस्तेमाल किए गए ‘गद्दार’ जैसे शब्दों के बाद अब कांग्रेस ने एक बार फिर मर्यादा की सीमाएं लांघ दी हैं.

पीएम मोदी को अजय राय ने दी गाली.. CM योगी ने जमकर सुनाया, कहा- कुसंस्कारी
  • योगी आदित्यनाथ ने अजय राय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी को असंसदीय और अक्षम्य बताया.
  • योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को खराब करार देते हुए उसकी हताशा और निराशा पर भी टिप्पणी की.
  • अजय राय ने महोबा में दुष्कर्म पीड़िता से मिलने के दौरान PM मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अजय राय की विवादित टिप्पणी पर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई यह अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को उजागर करती है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी कांग्रेस के ‘युवराज' ऐसे कुसंस्कार दिखा चुके हैं. सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस अब हताशा, निराशा और कुंठा के चरम पर पहुंच चुकी है और उसकी हालत ऐसी हो गई है कि वह देशवासियों से माफी मांगने की स्थिति में भी नहीं रह गई है.

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है. जानकारी के मुताबिक, अजय राय दुष्कर्म और अपहरण की पीड़िता छात्रा से मिलने महोबा पहुंचे थे. इस दौरान समर्थकों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी (गाली) की और अभद्र भाषा का उपयोग किया. वीडियो सामने आते ही इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं.

बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पोस्ट में कहा, 'राहुल गांधी के "गद्दार" वाले अपशब्द के बाद अब कांग्रेस ने फिर हद पार कर दी है. अजय राय ने प्रधानमंत्री के लिए सबसे अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया. वे उनसे इसलिए नफरत करते हैं क्योंकि वे चायवाले परिवार से हैं. राहुल की कांग्रेस ने 150 से ज़्यादा अपशब्दों का इस्तेमाल किया. ये गालीवाली कांग्रेस है, गांधीवादी नहीं. गालियों की दुकान!'

कुछ दिनों पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अजय राय की तबीयत बिगड़ गई थी और वह बेहोश होकर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके स्वास्थ्य के खराब होने की खबर जब सामने आई तो प्रधानमंत्री मोदी ने उसी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी और कहा था कि वे अजय राय के अचानक बीमार पड़ने की खबर सुनकर चिंतित हैं.

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमर्यादित भाषा की ‘बीमारी' अब पूरी कांग्रेस में नीचे तक फैल चुकी है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी यशस्वी प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं. लगातार चुनावी हार ने कांग्रेस को राजनीतिक और मानसिक, दोनों रूप से दिवालिया कर दिया है. दरअसल, कांग्रेस के पास न जनाधार बचा है, न मुद्दे और न ही जनता का विश्वास. इसलिए, वे अब ‘अपशब्दों' और ‘विषवमन' को ही राजनीति समझ बैठे हैं. सच यह है कि माननीय प्रधानमंत्री जी पर कांग्रेस नेताओं का कहा हर अपशब्द उसकी लगातार होती राजनीतिक पराजयों की पीड़ा और सत्ता से दूर होने की छटपटाहट का सबूत है. देश की जनता ऐसे अहंकारी और संस्कारविहीन नेताओं को लोकतांत्रिक तरीक़े से करारा जवाब देगी.

ये भी पढ़ें : अजय राय ने पीएम मोदी को दी गाली, अमित मालवीय बोले- यही कांग्रेस का राजनीतिक स्तर

लेखक के बारे में
img
आलोक कुमार ठाकुर
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ajay Rai, Ajay Rai Controversial Statement, PM Modi Controversial Statement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com