- भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
- दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में रविवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है.
- बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से उत्तर पश्चिमी राज्यों में अच्छी बारिश हो रही है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में भी सुबह से मौसम बदल गया है और यहां झमाझम बारिश की शुरुआत हो चुकी है. नोएडा, गाजियाबाद से गुरुग्राम तक रविवार सुबह कई इलाकों में अच्छी बरसात हुई है, जिससे यहां तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. वहीं उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने रविवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. बनारस, प्रयागराज समेत 13 जिलों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. बनारस गंगा नदी के उफान पर आने से 84 घाट डूबे हुए हैं, मणिकर्णिका घाट डूबने से यहां होने वाली अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भी परेशानियां आ रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ 3 दिनों तक देश में अच्छी बारिश हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बना दवाब
मौसम विभागने देश के कई हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर बने मौसम तंत्र और बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए दबाव के कारण मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों के पास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मॉनसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी.
यहां क्लिक करके पढ़िए अपने राज्य के मौसम का हाल
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. यहां अगले 24 घंटे में मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव रहने की संभावना बन रही है. जिसके चलते झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

दिल्ली-NCR में बारिश
दिल्ली-NCR में रविवार सुबह से मौसम बदला और यहां कई इलाकों में 5 बजे से ही बारिश शुरू हो गई. दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं. बारिश के बाद सुबह से हल्की धुंध भी आज दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में देखी गई है. वहीं बारिश के बाद से शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है. जिससे यहां उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास अच्छी बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा और घाघरा समेत 6 नदियां उफान पर चल रही हैं. प्रयागराज और बनारस शहर सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहे हैं, गंगा में बढ़ते जलस्तर की वजह से बनारस में प्रसिद्ध मणिकर्णिका समेत 84 घाट डूबे हुए हैं. दशाश्वमेध घाट पर शाम की गंगा आरती छत पर कराई गई. यूपी में बारिश से 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. नदियों के किनारे जाने को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है, यहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रयागराज, गोरखपुर, बनारस, मिर्जापुर, सोनभद्र, आगरा, अलीगढ़, मधुरा, बलिया, बांदा, मेरठ और नोएडा में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून ट्रफ वर्तमान में अमृतसर से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिसके कारण देश के बड़े हिस्से में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. ताजा अपडेट के हिसाब से 23, 24 और 25 अगस्त तक मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव रहेगा, जिसका सबसे ज्यादा उत्तर पश्चिमी राज्यों में होगा और यहां अच्छी बारिश का दौर जारी रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं