- सैन फ्रांसिस्को से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट कोलकाता में तकनीकी खराबी के कारण डायवर्ट कर दी गई थी
- यात्रियों को लगभग तीन घंटे तक प्लेन में बिना स्पष्ट जानकारी के रखा गया, जिससे मानसिक तनाव बढ़ा था
- खराब मौसम में यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर बाहर बारिश में खड़ा रहना पड़ा
सैन फ्रांसिस्को (SFO) से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में सवार यात्रियों के लिए 15 अगस्त का सफर किसी डरावने सपने जैसा बन गया. एयरलाइन की ओर से शुरुआती देरी की जानकारी तो समय पर दी गई, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने यात्रियों को मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़कर रख दिया. फ्लाइट को नई दिल्ली पहुंचने से पहले कोलकाता में डायवर्ट किया गया. लगभग 16 घंटे की लंबी उड़ान के बाद जब प्लेन कोलकाता उतरा, तब यात्रियों को पता चला कि विमान में बेहद गंभीर तकनीकी खराबी आ गई है.
सीट नंबर 18k पर बैठी पैसेंजर दीपिका शर्मा ने इस पूरे खौफनाक मंजर और एअर इंडिया के रवैये को बयां किया है. उनकी आपबीती एअर इंडिया की सुरक्षा और मैनेजमेंट पर कई बड़े सवाल खड़े करती है.
प्लेन के अंदर 3.5 घंटे की बंद रहे पैसेंजर
दीपिका शर्मा बताती हैं, "15 अगस्त को मैंने सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट ली. टेकऑफ से 4 घंटे पहले हमें फ्लाइट 1 घंटा लेट होने का मैसेज मिला, जिससे हम घर से आराम से निकले. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसकी कल्पना भी नहीं की थी."
कोलकाता में लैंडिंग के बाद विंग्स के पास बैठी दीपिका ने देखा कि 10-12 इंजीनियर विमान को घेरे हुए हैं. थोड़ी देर बाद ऐलान हुआ कि प्लेन के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई है. दीपिका ने अपने मन का डर बयां करते हुए कहा, "यह सुनते ही दिमाग में खौफनाक सवाल कौंधने लगे. आखिर हुआ क्या है? यह खराबी कब आई? हम पिछले 16 घंटे से इसी प्लेन से दुनिया पार करके आ रहे थे. क्या हम रास्ते में सुरक्षित थे? एक यात्री के तौर पर हमें पूरी और साफ जानकारी मिलने का हक था."
यात्रियों को बिना किसी स्पष्ट जानकारी के लगभग साढ़े तीन घंटे तक प्लेन के अंदर ही बिठाकर रखा गया.
बारिश में खड़े रहना पड़ा, फिर उसी 'खराब प्लेन' में गए
3.5 घंटे बाद जब यात्रियों को नीचे उतारा गया, तो कोलकाता एयरपोर्ट पर कोई इंतजाम नहीं था. यात्रियों को करीब 1 घंटे तक बाहर बारिश में खड़ा रहना पड़ा. कोई बताने वाला नहीं था कि आगे क्या होगा. गेट नंबर 6 के पास घंटों चले सस्पेंस के बाद जो खबर मिली, उसने सभी के होश उड़ा दिए.
यात्रियों को बताया गया कि उन्हें उसी प्लेन से वापस दिल्ली भेजा जाएगा, जिसके इंजन में कुछ देर पहले तकनीकी खराबी आई थी.
हाल के दिनों में एअर इंडिया के विमानों में आई तकनीकी खराबियों की घटनाओं को याद करते हुए यात्री बुरी तरह डर गए. दीपिका शर्मा कहती हैं, "इंजन में खराबी की खबर सुनने के बाद दोबारा उसी प्लेन में बैठने को कहा जाना बेहद डरावना था. हमारा डर जायज था या नहीं, लेकिन वो खौफ बिल्कुल सच था. हमें बस इतना चाहिए था कि एयरलाइन ईमानदारी से बताए कि क्या खराब हुआ था, क्या ठीक किया गया और अब यह उड़ने के लिए सुरक्षित क्यों है."
यात्रियों के पास कोलकाता से दिल्ली जाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं था और न ही एयरलाइन ने कोई मदद की. मजबूरी में सभी यात्रियों को दोबारा उसी विमान में सवार होना पड़ा.
'क्या मैं अपने बच्चों से दोबारा मिल पाऊंगी?'
कोलकाता से दिल्ली तक का 2 घंटे का सफर यात्रियों के लिए जिंदगी का सबसे लंबा और भारी सफर साबित हुआ. दीपिका शर्मा ने अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, "वो दो घंटे मेरी जिंदगी के सबसे लंबे दो घंटे थे. मैं पूरे रास्ते अपने पति, अपने बच्चों और परिवार के बारे में सोच रही थी. मन में बस यही आ रहा था कि क्या मैंने इस प्लेन में दोबारा बैठकर सही फैसला किया? किसी भी यात्री को सफर के दौरान इस डर से नहीं गुजरना चाहिए कि वह जिंदा अपने घर पहुंचेगा या नहीं."
उन्होंने आगे कहा, "तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, मुझे मेंटेनेंस से ऐतराज नहीं है. लेकिन एअर इंडिया की नाकामी उनकी खराब कम्यूनिकेशन, बदइंतजामी और यात्रियों को विकल्प न देने में है. यात्री सिर्फ सीट नंबर नहीं होते, हर इंसान के पीछे एक परिवार होता है."
इस घटना के बाद दीपिका का कहना है कि शायद वह दोबारा कभी एअर इंडिया से सफर न कर पाएं, क्योंकि दुनिया का कोई भी शहर ऐसा नहीं है, जहां जाने के लिए इंसान को अपनी जान दांव पर लगानी पड़े."
एअर इंडिया की लगातार बिगड़ती साख
हाल के महीनों में एअर इंडिया की उड़ानों में अचानक आई तकनीकी खामियों, यात्रियों के साथ खराब व्यवहार और एयरपोर्ट्स पर मिसमैनेजमेंट के कई मामले सामने आए हैं. कभी फ्लाइट में एसी बंद होने तो कभी घंटों की देरी और अब इंजन में खराबी के बावजूद यात्रियों को उसी प्लेन में बैठाने जैसे कदम एयरलाइन की सेफ्टी और सर्विस क्वालिटी पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं.
हाल ही में 4 अगस्त 2026 को थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI2379) अचानक हवा में करीब 300 फीट नीचे गिर गई थी. इस हादसे में 20 से अधिक यात्री और केबिन क्रू के सदस्य घायल हो गए थे, क्योंकि झटके से कई लोग हवा में उछलकर विमान की छत से जा टकराए थे.
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य पायलट (पायलट-इन-कमांड) कथित तौर पर नशे में था और उसका डोप टेस्ट मारिजुआना (गांजा) के सेवन के लिए पॉजिटिव आया.
इस मामले में एअर इंडिया का बयान अब तक नहीं आया है, अगर कोई बयान या स्पष्टीकरण आता है तो खबर में जोड़ दिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं