- PM मोदी आज IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
- वो IIT दिल्ली के सोनीपत परिसर में AI आधारित सुपरकंप्यूटर परम प्रज्ञा का उद्घाटन भी करेंगे.
- परम प्रज्ञा सुपरकंप्यूटर की पीक क्षमता प्रति सेकंड 3.3 करोड़ अरब गणनाएं करने की है.
PM Modi IIT Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 8 अगस्त को आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में वो डिग्री प्राप्त करने वाले 587 पीएचडी शोधार्थियों सहित 3,000 से अधिक स्नातक छात्रों को संबोधित करेंगे. साथ ही अत्याधुनिक अनुसंधान और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री IIT दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित AI से संचालित सुपरकंप्यूटिंग सुविधा 'परम प्रज्ञा' का उद्घाटन करेंगे. इस अत्याधुनिक सुविधा से संस्थान की AI, डेटा साइंस और हाईटेक कंप्यूटिंग रिसर्च में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है.
सामान्य कंप्यूटर से कई गुना तेज काम करेगा परम प्रज्ञा
परम प्रज्ञा IIT दिल्ली के सोनीपत कैंपस में स्थापित एक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटर (HPC) है. इसका उद्देश्य तेज गति से जटिल गणनाएं करना और रिसर्च को बढ़ावा देना है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुपर कंप्यूटर परम प्रज्ञा सामान्य कंप्यूटर से कई गुना तेज काम करेगा.
प्रति सेकंड 3.3 करोड़ अरब गणनाएं करने में सक्षम
परम प्रज्ञा भारत के राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन के तहत C-DAC द्वारा विकसित किया गया है. इसकी पीक कंप्यूटिंग क्षमता 3.3 पेट्राफ्लॉप्स है. इसका मतलब है कि यह प्रति सेकंड 3.3 करोड़ अरब गणनाएं (Operations) करने में सक्षम है. यह बड़े डेटा का काम में एनालिसिस करने में सक्षम होगा.
#IITDelhi welcomes Hon'ble Prime Minister Shri Narendra Modi!
— IIT Delhi (@iitdelhi) August 7, 2026
The Prime Minister will address the 57th #Convocation of IIT Delhi as the chief guest.
Date- August 8th, 2026
Time- 11:00 AM
Watch Live! https://t.co/pKwt225p3v pic.twitter.com/yEiuEAN2HD
11 बजे 57वें IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी
मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी सुबह 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस समारोह के दौरान वो मेधावी छात्रों को संस्थान के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे, जिनमें राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक, निदेशक का स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं.
यह भी पढ़ें - PM मोदी आज IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को करेंगे संबोधित, 'परम प्रज्ञा' सुपरकंप्यूटर करेंगे लॉन्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं