- असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि चुनाव जीतने पर साल में दो मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे
- एक सिलेंडर बिहू से पहले और दूसरा दुर्गा पूजा से पहले मिलेगा, जिनके लिए जनता को भुगतान नहीं करना होगा
- बीजेपी ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 64 लाख भर्तियों और 2 लाख अतिरिक्त सरकारी नौकरियों का वादा किया है
असम विधानसभा चुनाव से पहले सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा है कि सरकार बनने के बाद साल में दो मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे. एक LPG सिलेंडर बिहू से पहले वहीं दूसरा दुर्गा पूजा से पहले दिया जाएगा. सीएम हिमंता ने कहा कि उन सिलेंडरों के लिए आपको पैसा देने की जरूरत नहीं होगी. उनके पैसे 'मामा' देंगे.
मुख्यमंत्री ने दो मुफ्त सिलेंडरों का ऐलान करते हुए लोगों से पूछा कि ऐसा करना कैसा रहेगा? क्या यह अच्छा नहीं होगा? अब आप सब मुझे अपने दिल से बताइए, क्या हमारा उम्मीदवार जीतेगा या नहीं?
बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र भी किया जारी
बता दें कि असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने पहले ही अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है.संकल्प पत्र में 64 लाख भर्तियों के अलावा 2 लाख अतिरिक्त सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने का वादा किया है. इसके अलावा मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत 10 लाख युवाओं को नए उद्यम स्थापित करने में सहायता के लिए 5 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की है. नए स्नातकों को नौकरी की तैयारी के लिए 25,000 रुपए प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री की जीवन प्रेरणा योजना को जारी रखा जाएगा.
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के तहत 22 लाख से अधिक मकान पूरे हो चुके हैं, ऐसे में प्रत्येक परिवार को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 15 लाख मकानों का निर्माण करने का भी संकल्प है. निर्बाध और समयबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए व्यापक असम गति शक्ति मास्टर प्लान के तहत एकीकृत अवसंरचना में 25 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा. इसके अलावा सरसों तेल, चावल, मसूर दाल, चीनी और नमक रियायती दर पर उपलब्ध कराना जारी रखेंगे। साथ ही सबसे गरीब परिवारों को मुफ्त राशन भी देने की घोषणा की है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के कॉलेज में क्यों बना 'भूत का मंदिर', आखिर क्या है इस कहानी की सच्चाई?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं