देश के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को वित्त वर्ष 2024-25 में घोषित चंदे के रूप में बड़ी रकम प्राप्त हुई है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित दान की राशि एक वर्ष में तीन गुना से ज्यादा बढ़कर 1051.56 करोड़ रुपये पहुंच गई. इससे पहले 2023-24 में क्षेत्रीय दलों को इसी श्रेणी में 347.69 करोड़ रुपये का चंदा मिला था.
दानदाताओं की संख्या में भी बड़ी बढ़ोतरी
रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 में ऐसे दान की कुल 5,297 प्रविष्टियां दर्ज की गईं जबकि 2023-24 में यह संख्या 2,861 थी. यानी दान की संख्या में करीब 85 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. इससे साफ है कि क्षेत्रीय दलों के लिए आर्थिक समर्थन तेजी से बढ़ा है.
कॉर्पोरेट दान का रहा सबसे बड़ा योगदान
राजनीतिक वित्तपोषण में कॉर्पोरेट और कारोबारी घरानों का दबदबा बना रहा. रिपोर्ट के मुताबिक इन समूहों ने 2024-25 में क्षेत्रीय दलों को 644.93 करोड़ रुपये का चंदा दिया. यह राशि एक साल पहले मिले 227.61 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है.
व्यक्तिगत दान बढ़ा लेकिन रकम घटी
एडीआर के अनुसार संख्या के लिहाज से व्यक्तिगत दान सबसे ज्यादा रहे. दोनों वर्षों में ऐसे दान की कुल संख्या 5,647 रही. हालांकि कुल राशि में उनका योगदान केवल 193.95 करोड़ रुपये रहा जो कुल दान का करीब 14 प्रतिशत है. रिपोर्ट में कहा गया कि व्यक्तिगत दान देने वालों की संख्या बढ़ी लेकिन राशि के स्तर पर कमी दर्ज की गई.
द्रमुक बनी सबसे ज्यादा चंदा पाने वाली पार्टी
रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) 2024-25 में सबसे ज्यादा चंदा पाने वाली क्षेत्रीय पार्टी रही. पार्टी को कुल 365.78 करोड़ रुपये का चंदा मिला. इनमें से 300.64 करोड़ रुपये अनाम दानदाताओं से प्राप्त हुए जो उसके कुल घोषित चंदे का 82 प्रतिशत से अधिक है.
टीएमसी और वाईएसआर कांग्रेस भी शीर्ष पर
चंदा पाने वाली पार्टियों की सूची में द्रमुक के बाद तृणमूल कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही जिसे 184.96 करोड़ रुपये मिले. वहीं वाईएसआर कांग्रेस को 140.04 करोड़ रुपये का चंदा प्राप्त हुआ. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2023-24 में तेलुगु देशम पार्टी सबसे अधिक चंदा पाने वाली क्षेत्रीय पार्टी थी और उसे 100.19 करोड़ रुपये मिले थे.
यह भी पढ़ें- 'मेडल पहनाते समय छूने पर खड़ा किया गया तूफान, मामला सिर्फ 'गुड टच-बैड टच' का था' : बृजभूषण सिंह का बड़ा बयान
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं