विज्ञापन
This Article is From Dec 09, 2025

AAP ने नौकरी के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा, कहा- सिर्फ दिखावटी आंकड़े किए जा रहे हैं पेश

आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भर्तियों की ऐसी भूलभुलैया बनाई है कि योग्य युवा यह भी नहीं समझ पाते कि वे परीक्षा पास करके भी नौकरी पाएंगे या नहीं. कई महत्वपूर्ण भर्तियों में सरकार जानबूझकर खामियाँ छोड़ती है ताकि वे कोर्ट में फंस जाएं.

AAP ने नौकरी के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा, कहा- सिर्फ दिखावटी आंकड़े किए जा रहे हैं पेश
AAP के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा.
  • आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां देने में गंभीर विफलता का आरोप लगाया है.
  • हरियाणा में लगभग पच्चीस हजार पद कोर्ट केस में फंसे होने के कारण भर्ती प्रक्रिया बाधित है.
  • असिस्टेंट प्रोफेसर इंग्लिश की भर्ती में केवल एक सौ इक्यावन युवा ही लिखित परीक्षा पास कर पाए हैं.
चंडीगढ़:

आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को नौकरी के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा है. AAP के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हरियाणा सरकार ने राज्य की नौकरियों की व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है. जहां पंजाब सरकार 2022 से अब तक 60 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और एक भी भर्ती न तो कोर्ट में अटकी, न ही पेपर लीक हुआ, वहीं हरियाणा में युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेल दिया गया है. उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार करीब 2 लाख नौकरियों देने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में केवल 1 लाख 20 हजार पदों की भर्ती पूरी हुई. इनमें से लगभग 25 हजार उम्मीदवार ग्रुप डी से ग्रुप सी में चले गए, जिस कारण ये पद फिर से खाली हो गए.

सरकार सिर्फ दिखावटी आंकड़े पेश कर रही हैः आप नेता

आप नेता ने आगे कहा कि इससे साबित होता है कि सरकार सिर्फ़ दिखावटी आंकड़े पेश कर रही है, असल में युवाओं को रोजगार देने का इरादा बिल्कुल नहीं है. इसके अलावा करीब 20 से 25 हजार विभिन्न विभागों के पद आज भी कोर्ट केस में फंसे हुए हैं. इन ग्यारह सालों में करीब 50 हजार कर्मचारी रिटायर हुए, लेकिन नई नौकरियों का ग्राफ लगातार गिरता गया और वास्तविक रूप से केवल 20 से 25 हजार युवाओं को ही नौकरी मिल पाई.

असिस्टेंट प्रोफेसर इंग्लिश की भर्ती प्रक्रिया का दिया उदाहरण

अनुराग ढांडा ने असिस्टेंट प्रोफेसर इंग्लिश की हाल की भर्ती प्रक्रिया को उदाहरण के रूप में रखते हुए उन्होंने बताया कि 613 पदों पर भर्ती होनी थी, लेकिन लिखित परीक्षा में केवल 151 युवा ही पास किए, हरियाणा के वही युवा जो देश भर में NET–JRF टॉपर, गोल्ड मेडलिस्ट और प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं, उन्हें एचपीएससी जैसी संस्था ने राज्य की परीक्षा में 35% तक अंक नहीं दिए. 

आप नेता ने कहा कि यह सरकार की परीक्षा प्रणाली और नीयत दोनों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीन हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार काफी समय बाद भर्ती जारी करती है और फिर उनमें भी आधे से ज्यादा पद खाली छोड़ देती है.

कोर्ट में फंस रही भर्तियां, युवा परेशान

अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भर्तियों की ऐसी भूलभुलैया बनाई है कि योग्य युवा यह भी नहीं समझ पाते कि वे परीक्षा पास करके भी नौकरी पाएंगे या नहीं. कई महत्वपूर्ण भर्तियों में सरकार जानबूझकर खामियाँ छोड़ती है ताकि वे कोर्ट में फंस जाएँ और महीनों–सालों तक नियुक्तियाँ न हो पाएँ. यह पूरे प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय है. 

आप नेता ने यह भी कहा कि सरकार अब बाहरी राज्यों के लोगों को बिना डोमिसाइल आवेदन की अनुमति दे रही है और हरियाणा GK को परीक्षाओं से हटा रही है, जिससे साफ़ लगता है कि हरियाणा के युवाओं को पीछे धकेलकर बाहरी उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है.

CET ग्रुप सी क्वालिफाइंग उम्मीदवारों का डेटा जारी करे सरकारः आप नेता

अनुराग ढांडा ने कहा कि सरकार CET ग्रुप सी क्वालिफाइंग उम्मीदवारों का डेटा छुपा रही है क्योंकि सच्चाई सामने आने पर उनकी “नौकरी चोरी” का खेल उजागर हो जाएगा. उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा, यदि सरकार ईमानदार है, तो बताएं कि कितने अभ्यर्थियों ने CET ग्रुप सी की मुख्य परीक्षा पास की है. यह सरकार आखिर क्यों नहीं बता रही हैं, क्योंकि सरकार की नीयत में खोट है. उन्होंने हरियाणा मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि हरियाणा का युवा अब अपने अधिकारों के लिए खड़ा होगा और इस भ्रष्ट रोजगार तंत्र का कड़ा जवाब देगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aam Aadmi Party, Aam Aadmi Party (AAP), Haryana Government, Haryana Government Job, Government Jobs In Haryana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com