- दिल्ली और एनसीआर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
- मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
- उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में लू का असर जारी रहने की संभावना है, जिससे गर्मी बढ़ेगी.
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. आज शहर के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. भीषण गर्म हवाओं ने हालात और कठिन बना दिए हैं, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में इस हफ्ते तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है, जो सामान्य से काफी अधिक है.
गर्मी के इस बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर के दौरान सीधी धूप में निकलने से बचें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और हल्के कपड़े पहनकर खुद को ठंडा रखने की कोशिश करें. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है.
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव के अनुसार, देश के कई हिस्सों में इस समय लू की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू चल रही है. आने वाले एक सप्ताह तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों- जैसे पंजाब, हरियाणा, यूपी, मध्य प्रदेश और विदर्भ—में लू का असर जारी रहने की आशंका है. इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और समय-समय पर मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है और कुछ इलाकों में 46-47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि, 1 हफ्ते तक बारिश को लेकर IMD ने किसी तरह का अपडेट जारी नहीं किया है. ऐसे में लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है.
मौसम विभाग ने जारी किया गाइडलाइंस
- दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें
- ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लें
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें
- सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढकें
- बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
दिल्ली में 19 से 21 मई तक आसमान साफ रहेगा. दिन के समय 15 से 30 किमी/घंटा की हवा चलेगी, जो कभी-कभी 40 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. 19 और 20 मई को ज्यादातर जगहों पर और 21 से 25 मई के बीच कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में 19 और 20 मई को अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है और अगले 7 दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. लोगों को सलाह है कि धूप में कम निकलें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं.
ये भी पढ़ें : दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में आसमान से क्यों बरस रहे अंगारे? पाकिस्तान का क्या है कनेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं