- गुजरात ATS ने गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है.
- गिरफ्तार आरोपी गुजरात में संगठन का सक्रिय नेटवर्क बनाने और नए सदस्यों को जोड़ने की कोशिश कर रहे थे.
- सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों के संपर्क, नेटवर्क और संभावित आतंकवादी योजनाओं की गहन जांच कर रही हैं.
गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. ATS का दावा है कि ये आरोपी गुजरात में संगठन का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके. सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों के संपर्कों, उनके नेटवर्क और संभावित योजनाओं की गहराई से जांच कर रही हैं.
'गुजरात में नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश'
ATS के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं. जांच एजेंसी का कहना है कि ये लोग संगठन के लिए नए लोगों को जोड़ने और गुजरात में एक मजबूत नेटवर्क बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता था. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके डिजिटल तथा वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं.
गुजरात और मध्य प्रदेश से गिरफ्तारियां
ATS ने यह कार्रवाई गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ की. जांच एजेंसी को लंबे समय से इन संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर थी. शुरुआती जांच में मिले इनपुट के आधार पर छापेमारी कर सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लिया. अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
ATS की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा (19), इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा उर्फ अबू हमजा (30), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू आया (22), जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ इब्न अम्मार उर्फ जकारिया पालनपुरी (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा उर्फ मुफ्ती साहब (40), मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी (21), मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी उर्फ मोहम्मद पालनपुरी उर्फ अबू उनीसा (22) और बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना उर्फ अबू सुफियान उर्फ अबू जुंदाल उर्फ उमर बिन खत्ताब (18) शामिल हैं.
गुजरात ATS ने 8 आतंकवादियों को 14 दिन की रिमांड पर लिया
गुजरात ATS ने गिरफ्तार 8 संदिग्ध आतंकियों को कड़ी कोर्ट में पेश किया, जहां एजेंसी ने उनसे पूछताछ के लिए 14 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की. कोर्ट ने ATS की मांग स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया. जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी गुजरात में संगठन का बड़ा नेटवर्क खड़ा करने की साजिश रच रहे थे. इनके कब्जे से आपत्तिजनक जिहादी साहित्य भी बरामद हुआ है.
कई जिलों से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ पाटन और नवसारी स्थित मदरसों से जुड़े बताए गए हैं. वहीं एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास जिले का निवासी है. ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन सभी के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ और संगठन के लिए उनकी भूमिका क्या थी. ATS ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और आतंकी संगठन से कथित संबंधों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं