- सरकार के निर्देश पर प्लेस्टोर और ऐप स्टोर से ई-रिक्शा रोकने वाला BAT BMS ऐप हटा दिया गया है.
- एप का उपयोग ब्लूटूथ के माध्यम से ई-रिक्शा की बैटरियों को दूर से बंद करने के लिए किया जा रहा था.
- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ई-रिक्शा के अचानक बंद होने से चालकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा.
E Rickshaws Stop App: ई-रिक्शा रोकने वाले चाइनीज एप पर एक्शन लिया गया है. लोगों को हो रही लगातार परेशानी के बाद सरकार के आदेश पर प्लेस्टोर से ई-रिक्शा रोकने वाला BAT BMS एप को हटा दिया गया है. सरकार के निर्देश पर BAT BMS App को Google Play Store और Apple App Store से हटा दिया गया है. इस कार्रवाई में 2 एप डिलीट किए गए. आरोप है कि इस एप का इस्तेमाल ई-रिक्शा को दूर बैठे (रिमोट से) बंद करने के लिए किया जाता था. सुरक्षा और गलत इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए ऐप हटाने का फैसला लिया गया. मामले की आगे भी जांच और निगरानी की जा रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
मालूम हो कि एक चाइनीज एप के जरिए सड़क पर चलते ई-रिक्शा को अचानक रोकने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स पर वायरल वीडियो में देखा गया था कि लोग ब्लूटूथ के जरिए कम्पैटिबल ई-रिक्शा बैटरियों से जुड़कर उन्हें दूर से बंद कर रहे हैं. इन वीडियो के बाद चालकों, डीलरों और ईवी उपयोगकर्ताओं के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी.
अचानक ई-रिक्शा बंद होने से बढ़ गई थी परेशानी
वीडियो में कई जगह ई-रिक्शा बंद होने से चालक बुरी तरह से परेशान नजर आएं, कई चालक रोते भी दिखे. कुछ काफी दूर तक धक्का मारकर ई-रिक्शा को ले जाते नजर आए थे. लोगों की परेशानी को देखते हुए दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने परिवहन विभाग को BAT-BMS एप की सत्यता और उससे जुड़े दावों की जांच के निर्देश दिए थे.
वायरलेस तरीके से बैटरियों को कनेक्ट
शुरुआती जांच में पता चला है कि यह ऐप सीमित दूरी में ब्लूटूथ-सक्षम लिथियम बैटरियों से वायरलेस तरीके से जुड़ सकता है. अधिकारी ने कहा कि ऐप का मुख्य उद्देश्य बैटरी की वोल्टेज, तापमान और करंट जैसी जानकारी मॉनिटर करना है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने पर इसके कंट्रोल फीचर का दुरुपयोग हो सकता है.
यह भी पढ़ें - ई-रिक्शा के पहिये जाम, BAT-BMS इकलौता एप नहीं, NDTV रियलिटी चेक में नई बला भी सामने आई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं