विज्ञापन
This Article is From Nov 14, 2021

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए, तीन जवान भी घायल : पुलिस अधिकारी

मारे गए माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनमें से एक के शीर्ष विद्रोही नेता होने का संदेह है.

मारे गए माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. (फाइल फोटो)
मुंबई:

महाराष्ट्र के नक्सल (Naxalite Encounter) प्रभावित गढ़चिरौली जिले (Maharashtra's Gadchiroli) में हुई मुठभेड़ में 26 नक्सली ढेर किए गए हैं. उनकी लाशें मुठभेड़ स्थल से बरामद की गई हैं. इस एनकाउंटर में तीन जवान घायल हुए हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया है. जिले के एसपी अंकित गोयल ने इसकी पुष्टि की है.हालांकि घटना के बारे में विस्तार से जानकारी रविवार को पुलिस देगी. महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने 26 नक्सलियों को मौत के घाट उतारने के लिए गढ़चिरौली पुलिस खासकर C60 कमांडो और जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल की तारीफ की है.

मुंबई से 900 किलोमीटर दूर पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में कम से कम 26 माओवादी मारे गए. जिला पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने कहा, "हमने जंगल से अब तक 26 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं."

गढ़चिरोली पुलिस को मुठभेड़ स्थल से अब तक 29 हथियार मिले हैं. इन हथियारों में पांच एके 47, एक एके यूबीजीएल, नौ एसएलआर, एक इनसास, 12 बोर राइफल और एक पिस्तौल शामिल है.  

गोयल ने कहा कि मुठभेड़ सुबह मर्दिनटोला वन क्षेत्र के कोरची में हुई, जब सी-60 पुलिस कमांडो की एक टीम अतिरिक्त एसपी सौम्या मुंडे के नेतृत्व में तलाशी अभियान चला रहा था.

हालांकि मारे गए माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनमें से एक के शीर्ष विद्रोही नेता होने का संदेह है.

अधिकारियों ने पहले कहा था कि कार्रवाई में चार पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से नागपुर ले जाया गया. बता दें कि महाराष्ट्र का यह जिला छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित है.

गढ़चिरोली जिले के पालक मंत्री और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे आज सुबह 11:30 बजे ठाणे में अपने निवास पर नक्सल विरोधी अभियान की जानकारी मीडिया को देंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Naxalite Encounter, Police Naxal Encounter, Maharashtra Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com