मुंबई के 26/11 आतंकी हमले में जीवित बची कामा एंड अल्बलेस अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी अंजलि विजय कुलथे ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सामने अपनी दर्दनाक यादें साझा की. उन्होंने बताया कि जब आतंकवादी अस्पताल में दाखिल हुए, तब उन्होंने गर्भावस्था के अंतिम चरण में चल रही 20 महिलाओं को लगभग तीन घंटे तक सुरक्षित रखा. कुलथे ने कहा कि मैं भाग्यशाली हूं जो 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में बच गई, वह पीड़ित परिवारों और जीवित बचे लोगों का दर्द और आघात परिषद के संज्ञान में लाने के लिए आई हैं और 26/11 के पीड़ितों को आज भी न्याय का इंतजार है.
अस्पताल में हमले की रात को क्या हुआ
26 नवंबर 2008 की रात अंजलि की ड्यूटी प्रसवपूर्व देखभाल इकाई में थी, जहां उनकी निगरानी में 20 गर्भवती महिलाएं थीं. करीब एक घंटे बाद अस्पताल से लगभग एक मील दूर मुख्य रेलवे स्टेशन पर हमले की सूचना मिली और वरिष्ठ अधिकारियों ने सतर्क रहने को कहा.
अंजली ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे अस्पताल के पिछले हिस्से से गोलियों की आवाज आई. खिड़की से देखने पर दीवारों पर कूदकर दो हथियारबंद हमलावर अंदर आते दिखे, जिनकी गोली से अंजलि बाल-बाल बचीं जबकि उनके सहायक के अंगूठे में गोली लगी. पहली मंजिल पर दो सुरक्षा गार्डों को गोली लगते देख उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सूचित किया, लोहे का दरवाजा बंद किया और एक कर्मचारी की मदद से सभी मरीजों को वार्ड की एक छोटी पेंट्री में ले जाकर लाइट बंद कर दी.
हमले के बाद जीवित पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब (जिसे चार साल के मुकदमे और कानूनी प्रक्रिया के बाद 21 नवंबर 2012 को फांसी दी गई थी) को याद करते हुए अंजलि ने कहा कि उसने व्यंग्यात्मक मुस्कान के साथ पूछा था कि क्या उन्होंने उसे पहचान लिया है, उन्होंने कहा कि कसाब को 'कोई पछतावा नहीं, कोई शर्म नहीं' थी.
उन्होंने सभा को याद दिलाया कि 26/11 के पीड़ितों को अभी भी न्याय की प्रतीक्षा है. कई विदेशी प्रतिनिधियों ने आतंकी हमले के पीड़ितों को बचाने के लिए कुलथे के प्रयासों की सराहना की.
संयुक्त अरब अमीरात की मंत्री, अमेरिकी राजनीतिक मामलों की राज्य सचिव विक्टोरिया नूलैंड और ब्रिटिश विदेश राज्य मंत्री तारिक अहमद सहित कई प्रतिनिधियों ने अंजलि के साहस और उनकी गवाही को भावुक व सराहनीय बताया.
जयशंकर की दो टूक: ‘आतंकवाद का सामयिक केंद्र' अब भी सक्रिय
ग्लोबल काउंटर टेररिज्म अप्रोच: चैलेंज एंड वे फॉरवर्ड' की अध्यक्षता करते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने परोक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि “आतंकवाद का सामयिक केंद्र” अब भी काफी सक्रिय है. उन्होंने आतंकवाद को सीमा, राष्ट्रीयता या नस्ल से परे बताते हुए अल-कायदा, दाएश, बोको हराम, अल शबाब और उनके सहयोगियों के विस्तार पर चिंता जताई.
चीन का नाम लिए बिना प्रतिबंध समिति में साक्ष्य-आधारित प्रस्तावों को बिना ठोस कारण रोके जाने पर अफसोस जताते हुए जयशंकर ने कहा कि दुनिया न्यूयॉर्क के 9/11 या मुंबई के 26/11 जैसी घटनाओं को दोबारा होते नहीं देख सकती.
यह भी पढ़ें | जब एक बिहारी ने बचाई थी 26/11 हमले के दौरान सैकड़ों मुंबईकरों की जान, आखिरी वक्त में बदली थी शिफ्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं