विज्ञापन

जब एक बिहारी ने बचाई थी 26/11 हमले के दौरान सैकड़ों मुंबईकरों की जान, आखिरी वक्त में बदली थी शिफ्ट

26/11 मुंबई आतंकी हमले की 15वीं बरसी पर जानिए बिहार के मोहम्मद तौफीक शेख उर्फ 'छोटू चायवाला' की कहानी. आखिरी वक्त में शिफ्ट बदलने से उनकी जान बची और फिर उन्होंने गोलियों के बीच फंसे यात्रियों व घायलों की मदद कर सैकड़ों लोगों की जिंदगी बचाई.

जब एक बिहारी ने बचाई थी 26/11 हमले के दौरान सैकड़ों मुंबईकरों की जान, आखिरी वक्त में बदली थी शिफ्ट
when bihari chhotu chaiwala saved hundreds of lives during  mumbai terror attack
  • 26/11 मुंबई आतंकी हमले में मोहम्मद तौफीक शेख ने लोगों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
  • मोहम्मद तौफीक शेख की ड्यूटी आखिरी समय में बदली थी जिससे वे हमले में बच गए और उन्होंने कई घायलों को बचाया
  • तौफीक ने स्टेशन पर फायरिंग के दौरान यात्रियों को बाहर निकलने की चेतावनी दी और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया

मुंबई: 26/11 मुंबई आतंकी हमले को 15 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस वक्‍त की दहशत आज भी लाखों लोगों के जेहन में ताजा है. इस हमले में जहां 166 लोगों की जान चली गई थी, वहीं कई ऐसे गुमनाम चेहरे भी थे जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया. उन्हीं में से एक हैं बिहार के डुमरी गांव के रहने वाले मोहम्मद तौफीक शेख, जिन्हें मुंबई में लोग प्यार से 'छोटू चायवाला' के नाम से जानते हैं.

दिलचस्प बात यह है कि अगर 26 नवंबर 2008 की रात मोहम्‍मद तौफीक शेख की ड्यूटी आखिरी समय में नहीं बदली होती, तो शायद वह भी आतंकियों की गोलियों का शिकार हो जाते. लेकिन किस्मत ने उन्हें बचाया और उन्होंने उस बची हुई जिंदगी को सैकड़ों लोगों की मदद में लगा दिया. वे  छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के पड़ोस में सेंट जॉर्ज अस्पताल के सामने चाय बनाते हैं.

आखिरी वक्त में बदली शिफ्ट, बच गई जान

मीड‍िया से बातचीत में मोहम्मद तौफीक शेख बताते हैं कि मुंबई पर आतंकी हमले की रात वह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन पर चाय के पैसे लेने गए थे. आमतौर पर उनकी ड्यूटी स्टेशन के भीतर अधिक रहती थी, लेकिन उस दिन परिस्थितियां कुछ अलग थीं. रात करीब नौ बजे वह प्लेटफॉर्म नंबर 21 से 26 की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक गोलियों और धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी. शुरुआत में उन्हें लगा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच क्रिकेट मैच के दौरान शायद लोग पटाखे फोड़ रहे होंगे. लेकिन कुछ ही सेकेंड में उन्हें एहसास हो गया कि स्टेशन पर कुछ भयानक हो रहा है.

सामने था मौत का मंजर

तौफीक ने बताया कि जब वह शोर की दिशा में बढ़े तो उन्होंने दो हथियारबंद लोगों को देखा, जो अंधाधुंध गोलियां चला रहे थे. ये पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब और इस्माइल खान थे. स्टेशन पर भगदड़ मच चुकी थी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे. वह कहते हैं, "एक पल के लिए लगा कि अब मैं जिंदा नहीं बचूंगा. मैंने तुरंत अपनी पत्नी को फोन किया और कहा कि शायद मैं घर वापस नहीं लौट पाऊंगा."

खुद को नहीं, दूसरों को बचाने की चिंता

मौत सामने देखने के बावजूद तौफीक ने हिम्मत नहीं हारी. टिकट काउंटर और मेडिकल स्टोर के पास खड़े होकर उन्होंने लोगों को चेतावनी देना शुरू किया. गोलियों की आवाज सुनते ही उन्होंने यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए चिल्लाकर कहा. उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग उनकी बात सुनकर स्टेशन से बाहर निकल गए. हालांकि कई यात्री अब भी अंदर फंसे हुए थे. इसी दौरान आतंकियों ने टिकट काउंटर के सामने भी फायरिंग की. गोलियों से टिकट काउंटर का शीशा और टेबल टूट गए. स्टेशन मास्टर एस.एन. जाधव भी घायल हो गए थे.

ठेले पर लादकर पहुंचाए घायल

हमले के बाद तौफीक और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम शुरू किया. एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय उन्होंने ठेलों और उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल किया. सीएसटी स्टेशन के पीछे के रास्ते से कई घायलों को ठेले में लादकर सेंट जॉर्ज अस्पताल पहुंचाया गया. घायल स्टेशन मास्टर को भायखला स्थित रेलवे अस्पताल ले जाया गया. तौफीक कहते हैं कि उस समय किसी को अपनी जान की नहीं, बल्कि घायल लोगों को बचाने की चिंता थी.

27 सम्मान मिले, लेकिन वादे अधूरे

26/11 हमले के दौरान दिखाई गई बहादुरी के लिए मोहम्मद तौफीक शेख को अब तक 27 पुरस्कार मिल चुके हैं. उन्हें कुछ आर्थिक सहायता भी मिली, लेकिन उनका कहना है कि रेलवे और राज्य सरकार की ओर से मदद के कई वादे किए गए थे, जो आज तक पूरे नहीं हुए. बिहार से 10 साल की उम्र में मुंबई आने वाले तौफीक आज 39 वर्ष के हैं. उनकी दो बेटियां 7वीं और 9वीं कक्षा में पढ़ती हैं. वह कहते हैं कि सम्मान अपनी जगह हैं, लेकिन सबसे बड़ी संतुष्टि इस बात की है कि उस रात वह कई लोगों की जान बचाने में कामयाब रहे.

नहीं भूलते 26/11 की वह रात

26/11 की 15वीं बरसी पर तौफीक की आंखों में आज भी उस रात की तस्वीरें ताजा हो जाती हैं. गोलियों की आवाज, स्टेशन पर बिखरी लाशें, घायल लोग और मदद की पुकार आज भी उनका पीछा नहीं छोड़ती. वह कहते हैं, "मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि मुंबई जैसा आतंकी हमला फिर कभी देश के किसी शहर में न हो. उस रात जो दर्द लोगों ने देखा, उसे कोई दोबारा न झेले."   

यह भी पढ़ें- जब धमाकों से दहल गई थी मुंबई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
26/11 Mumbai Attack, India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com