विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2013

योगेंद्र यादव होंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार : कुमार विश्वास

योगेंद्र यादव होंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार : कुमार विश्वास
नई दिल्ली:

दिल्ली में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की नजर अब हरियाणा विधानसभा चुनाव पर है, जहां पार्टी अपने विचारक योगेंद्र यादव को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाएगी। पार्टी नेता कुमार विश्वास ने यह जानकारी दी। विश्वास खुद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी विश्वास (45) ने अमेठी में मुकाबला त्रिकोणीय करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भी वहां से चुनाव लड़ने का सुझाव दिया है।  

विश्वास ने कहा कि दिल्ली में पार्टी की जीत के बाद आप की नजर अब अगले वर्ष होने जा रहे हरियाणा विधानसभा चुनाव और उसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर है।

विश्वास ने आईएएनएस के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "आप ने हरियाणा में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योगेंद्र यादव मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों में होंगे।"

विश्वास के मुताबिक राजनीति विज्ञानी योगेंद्र यादव ने हरियाणा के पार्टी के कार्यकताओं की बैठक शुरू कर दी है। यादव आप की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य हैं।

विश्वास ने कहा, "यादवजी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ बैठकें शुरू कर दी है। हमें पूरा विश्वास है कि पार्टी को वैसी ही सफलता मिलेगी जैसी दिल्ली में मिली है।"

विश्वास ने अपनी योजना का खुलासा करते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी में चुनाव लड़ूंगा और नरेंद्र मोदी को वहां से चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित करता हूं।"

नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ माने जाने वाले अमेठी में पार्टी ने जनसभा और रैली का आयोजन शुरू कर दिया है।

अब तक पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी के पुत्र संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी ने अमेठी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में सोनिया गांधी के पुत्र और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस सीट से सांसद हैं।

जीत का भरोसा व्यक्त करते हुए विश्वास ने कहा, "हम देश में वंशवाद की राजनीति खात्म करना चाहते हैं। हम सभी लोगों से आह्वान करते हैं कि वे इस संस्कृति को खत्म करने के लिए आगे आएं।"

वसुंधरा में अपने आवास पर आईएएनएस से बातचीत में विश्वास ने कहा, "राहुल गांधी के मुकाबले मैं एक आम आदमी हूं। लेकिन मुझे भरोसा है कि मैं चुनाव जीतूंगा क्योंकि आम लोग हमारे साथ हैं। अगर राहुल गांधी अपनी सीट बदलते हैं तो मैं भी उसी सीट से चुनाव लड़ूंगा।"

विश्वास ने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी लोकसभा चुनाव में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

विश्वास की दो बेटियां हैं -अग्रिता और कुहू- जो 10वीं और छठी कक्षा में पढ़ती हैं। उनकी पत्नी मंजू शर्मा राजस्थान के एक कॉलेज में अध्यापक हैं। उनके 76 वर्षीय पिता सीपी शर्मा और मां रमा शर्मा गाजियाबाद में रहते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आम आदमी पार्टी, हरियाणा चुनाव, कुमार विश्वास, योगेंद्र यादव, मुख्यमंत्री प्रत्याशी, Aam Aadmi Party, Haryana Election, Kumar Vishwas, Yogendra Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com