यह ख़बर 21 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक सुधार की जरूरत : प्रधानमंत्री

खास बातें

  • पांच साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म को घृणित करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, इस तरह की क्रूर वारदात हमें दुराचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सामूहिक प्रयास के लिए प्रेरित करते हैं।
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक सुधार किए जाने की जरूरत है। नागरिक सेवा दिवस पर प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा तथा उनकी स्थिति चिंता का विषय है। हमें इस दिशा में व्यापक सुधार करने होंगे।

पांच साल की बच्ची के साथ राजधानी में हुए दुष्कर्म को घृणित करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, इस तरह की क्रूर वारदात हमें दुराचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सामूहिक प्रयास के लिए प्रेरित करते हैं।

बच्ची का 15 अप्रैल को अपहरण किया गया था। आरोपी ने उसे अपने घर में बंधक बना रखा था और उसके साथ दुष्कर्म किया तथा बर्बरता से पेश आया। बच्ची का इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा है। घटना के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून को सख्त बनाने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं, ताकि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों से सख्ती से निपटा जा सके। महिलाओं को एक बेहतर माहौल देने के लिए लोगों से अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर हमारी यह विशेष जिम्मेदारी है कि हम महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण में योगदान दें।