विज्ञापन
This Article is From Oct 29, 2015

यूपी में सीएम अखिलेश ने मंत्रिमंडल में किया बड़ा फेरबदल, 8 मंत्रियों को किया बर्खास्त

यूपी में सीएम अखिलेश ने मंत्रिमंडल में किया बड़ा फेरबदल, 8 मंत्रियों को किया बर्खास्त
फाइल फोटो
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आठ मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें पांच कैबिनेट और तीन राज्य मंत्री हैं। इसके अलावा नौ मंत्रियों से उनके विभाग मुख्यमंत्री ने ले लिए हैं। यूपी में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होना है और यह कवायद इसी सिलसिले में देखी जा रही है। नए मंत्रियों का शपथग्रहण राजभवन में 31 अक्टूबर को साढ़े दस होगा।

यूपी के हटाए गए कैबिनेट स्तर के मंत्रियों में पिछड़ा कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी, स्टाम्प और न्यायशुल्क पंजीयन व नागरिक सुरक्षा मंत्री महेंद्र अरिदमन सिंह, खादी ग्रामउद्योग मंत्री नारद राय, रेशम एवं कपड़ा मंत्री शिव बेरिया और तकनीकी शिक्षा मंत्री शिवकांत ओझा शामिल हैं। वहीं कुर्सी गंवाने वाले राज्यमंत्रियों में तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री आलोक कुमार शाक्य, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह और लघु उद्योग मंत्री भगवतशरण गंगवार के नाम है।

नौ मंत्रियों के विभाग भी सीएम के जिम्मे
यूपी के राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्ताव पर इन मंत्रियों को पद मुक्त कर दिया है। इसके अलावा नाईक ने मुख्यमंत्री के दूसरे प्रस्ताव पर चिकित्सा और स्वास्थ्य परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण मंत्री अहमद हसन, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण और सैनिक कल्याण मंत्री अवधेश प्रसाद, उद्यान खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पारस नाथ यादव, बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी, परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, होमगार्ड्स प्रांतीय रक्षक दल मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भइया', मत्स्य सार्वजनिक उद्यम मंत्री इकलाब महमूद और माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली को आवंटित विभाग से हटाकर उनके विभागों का अतिरिक्त प्रभार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आवंटित कर दिया है।

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तर प्रदेश, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, यूपी के मंत्री, कैबिनेट फेरबदल, UP, Akhilesh Yadav, Cabinet Reshuffle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com