विज्ञापन

होमगार्ड भर्ती परीक्षा यूपी: नकल करने वालों को योगी की चेतावनी, अफवाह फैलाने पर भी मिलेगी सजा

UP Home Guard Recruitment: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा (25-27 अप्रैल 2026), कानून-व्यवस्था और स्मार्ट मीटर जैसी जनसमस्याओं पर उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा में शुचिता सुनिश्चित करने, भीषण गर्मी में परीक्षार्थियों के लिए इंतजाम करने, और जातीय तनाव या औद्योगिक अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पेट्रोलियम उत्पादों की सामान्य आपूर्ति और स्मार्ट मीटर शिकायतों के लिए विशेष शिविर लगाने की बात कही।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा यूपी: नकल करने वालों को योगी की चेतावनी, अफवाह फैलाने पर भी मिलेगी सजा
cm yogi high level review meeting home guard recruitment up law and order 
Facebook/MYogiAdityanath
  • CM योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा की सुरक्षा और तैयारी के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं
  • परीक्षा में गड़बड़ी रोकने और सोशल मीडिया पर निगरानी के साथ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी
  • भीषण गर्मी से बचाव के लिए परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी

Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर शाम होमगार्ड भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर से जुड़ी दिक्कतों, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और यूपी की कानून-व्यवस्था सहित अलग अलग मुद्दों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में उन्होंने 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती परीक्षा पहली बार पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जा रही है. ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें. जिन जनपदों में हाल ही में नए जिलाधिकारी तैनात हुए हैं, वे संबंधित मंडलायुक्त और एडीजी/आईजी स्तर के अधिकारियों के साथ समुचित समन्वय सुनिश्चित करें.

परीक्षा की शुचिता और गर्मी से बचाव के इंतजाम

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा. परीक्षा में गड़बड़ी करने का प्रयास करने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाए. सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के ख़िलाफ़ तत्काल कार्रवाई की जाए. बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 74 ज़िलों में 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवक पदों के लिए परीक्षा तीन दिनों में, दो पालियों में आयोजित की जाएगी.

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पानी की व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और परीक्षार्थियों को धूप में इंतज़ार न कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने जाने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर रखी जाए. जिला प्रशासन से सभी परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं को देखने और कमियों को दूर करने को कहा गया है.

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख

कानून-व्यवस्था को देखते हुए सीएम ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि कुछ जिलों से ऐसी सूचनाएं मिली हैं जहां अराजक तत्वों की तरफ़ से जातीय तनाव/संघर्ष भड़काने की कोशिश की जा रही है. सीएम ने कहा कि सभी अधिकारी सतर्क रहें और क़ानून व्यवस्था की स्थिति गड़बड़ ना हो, इसके लिए पहले से ज़रूरी कार्रवाई करें.

मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रों में औद्योगिक अशांति उत्पन्न करने की कोशिशों का ज़िक्र करते हुए कहा कि अभी स्थिति सामान्य है, लेकिन आने वाले 30 अप्रैल से 02 मई के बीच माहौल ख़राब किए जाने की आशंका है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक अशांति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और ऐसी कोशिशों को सख्ती से रोकने के उपाय किए जायेंगे.

हादसों को रोकने के लिए निरीक्षण और पेट्रोलियम आपूर्ति

भीषण गर्मी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी बारूद गोदामों और आतिशबाजी कारखानों का विशेष निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए हैं ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को समाप्त किया जा सके तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हो. शादियों के सीजन में आतिशबाज़ी बनाने के ज़्यादा काम और गर्मी की वजह से हादसों को देखते हुए कदम उठाने को कहा गया है.

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन में किसी प्रकार का पैनिक न हो. सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन पूरी तरह सामान्य है. इस संबंध में समय-समय पर लोगों को सूचनाएँ भी मुहैया कराई जायेंगी. उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक कर आपूर्ति एवं वितरण की समीक्षा करें. नेपाल सीमा से सटे जनपदों में कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए.

स्मार्ट मीटर की समस्याओं का त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट बिजली मीटर के संबंध में उठ रही आशंकाओं के समाधान के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट जल्दी ही प्राप्त होगी. इस बीच सभी जिलों में विद्युत वितरण निगम/पावर कॉर्पोरेशन फीडर-वार एक हफ़्ते का विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया जाए. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Home Guard Recruitment 2026, Uttar Pradesh, Aditya Yoginath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com