यह ख़बर 20 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दो निर्दलीय लोकसभा सदस्य भाजपा में शामिल

नई दिल्ली:

लोकसभा चुनावों से कुछ पहले भाजपा के लिए उत्साहवर्धक घटनाक्रम में सोमवार को बिहार के दो निर्दलीय लोकसभा सदस्य पुतुल कुमारी और ओम प्रकाश यादव पार्टी में शामिल हो गए।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की उपस्थिति में पुतुल कुमारी पार्टी में शामिल हुईं। वह तत्कालीन सांसद और अपने पति दिग्विजय सिंह के निधन के बाद 2010 में बांका सीट के लिए हुए उपचुनाव से विजयी हुई थीं।

सिवान लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले ओम प्रकाश यादव भी पार्टी में शामिल हुए हैं।

बिहार में जदयू से गठबंधन टूटने के बाद से भाजपा राज्य में अपने को मजबूत बनाने में जुटी है।

राज्य में भाजपा की बढ़ती संभावनाओं की खबरों के बीच बताया जा रहा है कि विभिन्न दलों के कई नेताओं ने लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई है। सूत्रों ने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी कुछ और नेताओं को अपनी जमात में शामिल करेगी।

राजनाथ सिंह ने दोनों सासंदों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि लोग कांग्रेस से नाराज हैं और सरकार को बदलना चाहते हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भी आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए कांग्रेस हर तरह के हथकंडे अपनाएगी।