कड़कड़ाती ठंड ने देश भर में दिखाया असर, राजस्थान के इस स्थान पर खेतों में जमी बर्फ

पंजाब, हरियाणा में शीतलहर जारी, आदमपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान; माता वैष्णों देवी में श्रद्धालुओं को ठंड ने कंपाया

कड़कड़ाती ठंड ने देश भर में दिखाया असर, राजस्थान के इस स्थान पर खेतों में जमी बर्फ

शीतलहर से उत्तर भारत के सभी स्थानों पर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है.

खास बातें

  • दिल्ली में बुधवार की सुबह रही सर्द, कल छाएगा कोहरा
  • जम्मू और कश्मीर में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे
  • राजस्थान के फतेहपुर में खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई
नई दिल्ली:

देश भर में ठंड का मौसम अपना असर दिखा रहा है. बुधवार को पहाड़ों पर जहां तापमान में आंशिक सुधार हुआ वहीं राजस्थान शीतलहर की चपेट में आ गया है. राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस तक उतर  गया है. यहां खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई है. राष्ट्रीय राजधानी ठंड से कांप रही है और पंजाब व हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है.    

राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. शेखावटी में पिछले तीन दिन से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है. फतेहपुर में बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फतेहपुर के कृषि अनुसन्धान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है. जिले में कई स्थानों और फतेहपुर में खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई है. इसके साथ ही सुबह के समय रेगिस्तान के धोरों में बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 0.9, सीकर में 0.5, चित्तौड़गढ़ में 2.4, उदयपुर 2.8, श्रीगंगानगर में 4.2, अजमेर 6.2, जोधपुर 6.3, कोटा 6.5, राजधानी जयपुर 7.1, जैसलमेर में 7.8 और बाडमेर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. विभाग ने आगामी 36 घंटों तक भीलवाडा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, टोंक, उदयपुर, चूरू, हनुमानगढ, पाली, और श्रीगंगानगर में शीतलहर चलने और पाला पड़ने की चेतावनी जारी की गई है.

यह भी पढ़ें : मौसम का बिगड़ता मिजाज:कई राज्यों में बढ़ा ठंड का प्रकोप,दिल्ली में टूटा सर्दी का रिकॉर्ड

दिल्ली में बुधवार की सुबह ठंडी रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौमस विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘सुबह साढे़ आठ बजे न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.' हवा में आर्द्रता का स्तर 67 प्रतिशत दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान साफ रहने के साथ ही गुरुवार को सुबह धुंध और कोहरा छाने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. अधिकारियों ने कहा कि कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.


पंजाब एवं हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है. बुधवार को अधिकतर स्थानों पर तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से कम रहा. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पंजाब में आदमपुर एक बार फिर दोनों राज्यों में सबसे ठंडे स्थान के तौर पर दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बठिंडा में तीन डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. रात का तापमान अमृतसर में 3.6 डिग्री सेल्सियस, हलवाड़ा में 4.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में चार डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में पांच डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें : ठंड का मौसम परवान चढ़ा, इस शहर में पारा शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. करनाल में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 4.6 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 5.4 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौमस के सामान्य तापमान से काफी कम है.    अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है.    

जम्मू में रात के तापमान में मामूली सुधार आया है जबकि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे ही बना हुआ है. मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि जम्मू के इलाकों में रात का पारा पहले से बेहतर हुआ है. मंदिरों के इस शहर में तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा. यह इस मौसम में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है. जम्मू में सोमवार को रात का तापमान सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा था. रात के तापमान में मंगलवार के 5.1 डिग्री सेल्सियस से मामूली बढ़ोत्तरी हुई है. राज्य के डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि इससे पहले यहां रात का तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था. रियासी जिले में माता वैष्णों देवी मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को सात डिग्री सेल्सियस की ठंड का सामना करना पड़ा. जम्मू को कश्मीर से जोड़ने वाले राजमार्ग जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग के किनारे बसे बनिहाल में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

यह भी पढ़ें : कश्मीर में ठंड का प्रकोप: श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री, घाटी-लद्दाख में भी लगातार गिर रहा है पारा

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे ही बना रहा. लद्दाख के करगिल कस्बे में रात के तामपान में सुधार दिखा. करगिल में मंगलवार को तापमान शून्य से नीचे 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा था और बुधवार को यह सुधरकर शून्य से नीचे 14.9 डिग्री सेल्सियस हो गया. लेह में भी रात के तापमान में सुधार आया. यहां पर तापमान शून्य से 15.1 डिग्री सेल्सियस नीचे से सुधरकर शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया. श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से सुधरकर शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया. इन दिनों यहां पर सामान्य तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहता है. काजीगुंड में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकरनाग में शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. पहलगाम में तापमान शून्य से 8.4 डिग्री नीचे, गुलमर्ग में पारा शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ.

VIDEO : कश्मीर में बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से)