उत्तर भारत में जारी है गर्मी का सितम, दिल्ली में 42 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान

प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली:

पूरे उत्तर भारत में इन दिनों गर्मी का सितम जारी है और राष्ट्रीय राजधानी सहित कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

दिल्ली में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम में सामान्य से एक डिग्री अधिक है। नमी का स्तर 50 फीसदी से 18 प्रतिशत के बीच रहा।

हरियाणा और पंजाब में भी काफी गर्मी रही। दोनों राज्यों में हिसार 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। पंजाब में अमृतसर में यह 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। नारनौल (41.1 डिग्री सेल्सियस) और अंबाला (39.5 डिग्री सेल्सियस) में अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ में अधिकतम 40.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 41 और 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

इस बीच राजस्थान में कई जगह तापमान में एक से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी दर्ज की गई। पाकिस्तान और अरब सागर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश के चलते ऐसा हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार इस विक्षोभ के कारण राज्य के दूरदराज के इलाकों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छीटें पड़े जो 12 मई तक जारी रहेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जयपुर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा और वहां भी धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी हुई। कोटा में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।