विज्ञापन
This Article is From May 31, 2015

मौसम ने बदली करवट, राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी

मौसम ने बदली करवट, राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी
सांकेतिक तस्वीर
नई दिल्ली: चिलचिलाती गर्मी और मॉनसून में देरी की खबरों के बीच रविवार सुबह अचानक राजधानी दिल्ली के मौसम ने करवट बदली। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। छुट्टी का दिन होने और मौसम सुहावना होने के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए और मौसम का लुत्फ लिया।

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटों में दिल्ली के कुछ भागों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 33 फीसदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह के साढ़े आठ बजे आसमान में बादल छाए थे। बहरहाल, दिन में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अगले 24 घंटों में धूल भरी आंधी चल सकती है।

शनिवार का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भारत में मॉनसून सबसे पहले केरल में दस्तक देता है और रविवार सुबह केरल के अलाप्पुजा में आसमान में बादल छाए रहे, जिससे चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली। लोग बड़ी बेसब्री से मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में आसमान में बादल छाने से लोगों को मॉनसून की पहली फुहारों की उम्मीद जग गई है।

हालांकि मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही कहा था कि इस बार मॉनसून केरल तट पर भी देर से ही पहुंचेगा। एनडीटीवी से बात करने हुए मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग का कहना है कि केरल में अब मॉनसून 4-5 जून तक दस्तक दे सकता है। पहले इसके 30 मई तक आने की उम्मीद थी। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि इस बार मॉनसून के सामान्य से कम रहने की आशंका है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
चिलचिलाती गर्मी, मॉनसून, दिल्ली, मौसम, Weather, Delhi, Overcast Sky, Kerala, Monsoon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com