यह ख़बर 01 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आंध्र की राजधानी की योजना बनाएगा सिंगापुर, निर्माण करेगा जापान

फाइल फोटो

हैदराबाद:

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि आंध्र प्रदेश की राजधानी का निर्माण जापानी कंपनियां करेंगी, वहीं इसकी कार्य योजना सिंगापुर की कंपनियां बनाएंगी।

नायडू ने अपनी जापान यात्रा के सकारात्मक रहने का दावा करते हुए कहा कि कई जापानी कंपनियों ने राजधानी के निर्माण कार्य में साझेदार बनने की इच्छा जताई है।

पिछले महीने सिंगापुर की यात्रा से लौटे नायडू ने कहा कि सिंगापुर राजधानी के निर्माण की कार्य योजना तैयार करेगा। उन्होंने इस महीने सिंगापुर के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री एस. ईश्वरन की भारत यात्रा के दौरान समझौते को अंतिम रूप देने की आशा जताई।

नायडू ने कहा, 'जापानी कंपनियां राजधानी के निर्माण, वातावरण और शहर की दूसरी जरूरतों में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। यह एक दुर्लभ साझेदारी होगी।'

आंध्र प्रदेश सरकार की योजना अगले पांच साल में गुंटूर- विजयवाड़ा क्षेत्र में 30,000 एकड़ क्षेत्र को राजधानी के रूप में विकसित करने की है, जिसकी अनुमानित लागत एक लाख करोड़ रुपये है।

नायडू ने कहा कि उनकी जापानी सरकारी संगठनों, औद्योगिक संस्थाओं और कंपनियों से इस बारे में सकारात्मक बातचीत हो चुकी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे राज्य में जापानी निवेश को रास्ता मिलेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नायडू ने घोषणा की कि जापानी कंपनियों के लिए औद्योगिकी विभाग में अलग प्रकोष्ठ खोले जाएंगे ताकि निवेश की इच्छुक कंपनियों को जल्द से जल्द अनुमति मिल सके। इस प्रकोष्ठ में जापानी भाषा जानने वाले एस्कॉर्ट अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा।