- ED ने न्यूजक्लिक और उसके चीफ एडिटर प्रबीर पुरकायस्थ पर विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है
- न्यूजक्लिक पर फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत कुल 184 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है
- अथॉरिटी ने पाया है कि गंभीर नियमों का उल्लंघन जानबूझकर किया गया था
न्यूज क्लिक और उसके चीफ एडिटर प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लिया है. ईडी ने FEMA यानी कि फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट के तहत उन पर 184 करोड़ रुपये का जुर्माने ठोंक दिया है. ये कार्रवाई विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है. विदेशी फंडिंग को लेकर ये बड़ी कार्रवाई सामने आई है.
ये भी पढ़ें- 'नहीं चाहती थी कि वो इस देश में रहे', दिल्ली हादसे में बेटे की मौत पर दिल चीर देगी मां की चीख
विदेश से आए पैसों के लेन-देन में नियमों का उल्लंघन
प्रवर्तन निदेशालय की शिकायत पर सुनवाई करते हुए FEMA की एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने PPK Newsclick Studio Pvt. Ltd. पर कुल 184 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. यह आदेश 16 फरवरी 2026 को फॉरिन एक्स्चेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत जारी किया गया. ईडी ने FEMA की धारा 16 के तहत शिकायत दर्ज की थी. आरोप था कि कंपनी ने विदेशी निवेश (FDI) और विदेश से आए पैसों के लेने और इस्तेमाल करने में नियमों का उल्लंघन किया. जांच के दौरान रिकॉर्ड, दस्तावेज और कंपनी की दलीलों को देखने के बाद अथॉरिटी ने FDI लेने में गड़बड़ी पाई. वित्त वर्ष 2018-19 में कंपनी ने करीब 9.59 करोड़ रुपये का FDI लिया था.
FEMA के तहत जरूरी नियमों की अनदेखी की
अथॉरिटी का कहना है कि कंपनी ने अपने बिजनेस की प्रकृति को सरकारी दस्तावेजों में गलत तरीके से पेश किया. इससे उन सेक्टोरल शर्तों और एंट्री रूट नियमों को दरकिनार किया गया, जो FEMA के तहत जरूरी होते हैं. वित्त वर्ष 2018-19 से 2023-24 के बीच कंपनी को करीब 82.63 करोड़ रुपये विदेशी रेमिटेंस मिले. कंपनी ने इन्हें सेवा निर्यात (Export of Services) के रूप में दिखाया. लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि निर्यात की श्रेणी गलत दिखाई गई और जरूरी रिपोर्टिंग नहीं की गई. SOFTEX फॉर्म जैसे अनिवार्य दस्तावेज भी जमा नहीं किए गए.
कंपनी के डायरेक्टर प्रबीर पुरकायस्था भी दोषी
अथॉरिटी ने कहा कि लेन-देन इस तरह से किए गए, जिससे विदेशी मुद्रा नियमों के मूल उद्देश्य को नुकसान पहुंचे. इसके लिए डायरेक्टर भी जिम्मेदार हैं. अथॉरिटी ने माना कि उस समय कंपनी के डायरेक्टर प्रबीर पुरकायस्था कंपनी के कामकाज के लिए जिम्मेदार थे. इसलिए FEMA की धारा 42 के तहत उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी दोषी ठहराया गया.
FEMA की धारा 13(1) के तहत 120 करोड़ रुपये का जुर्माना PPK Newsclick Studio Pvt. Ltd. पर और 64 करोड़ रुपये का जुर्माना प्रबीर पुरकायस्था पर लगाया गया है. यानी कुल मिलाकर 184 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई गई है.
न्यूजक्लिक पर ईडी का बड़ा एक्शन
अपने आदेश में अथॉरिटी ने कहा कि ये उल्लंघन मामूली नहीं थे, बल्कि गंभीर, जानबूझकर और व्यवस्थित तरीके से किए गए थे. बड़े पैमाने पर विदेशी फंडिंग और नियामक संस्थाओं को दिए गए घोषणाओं में कथित गड़बड़ियों को गंभीर माना गया. अब देखना होगा कि कंपनी इस आदेश के खिलाफ अपील करती है या नहीं. फिलहाल, यह कार्रवाई मीडिया और कारोबारी जगत में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं