कई राज्यों ने SOP के तहत आंशिक रूप से खोले स्कूल. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- कई राज्यों में आज से खुल गए स्कूल
- आंशिक रूप से खोले गए हैं स्कूल
- 9वीं से 12वीं के बच्चों को आने की अनुमति
नई दिल्ली:
- 21 सितंबर से देशभर में स्कूलों को आंशिक रूप से खोलने की अनुमति है. इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, असम और हरियाणा जैसे राज्यों में कुछ स्कूल खुले हैं. लेकिन कई राज्यों ने अभी स्कूल पूरी तरह से बंद रखने का फैसला किया है.
- जम्मू में सोमवार से रणबीर हायर सेकेंड्री स्कूल खुल गया है. नियम के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चे टीचरों और अभिभावकों के निर्देशन में स्कूल आ सकते हैं. न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, यहां स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि 'हमने पूरे स्कूल का सैनिटाइज़ेशन किया गया है और धुआं दिया गया है. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सरकार की ओर से बनाए गए नियमों का पूरा पालन हो.'
- जम्मू के केंद्रीय विद्यालय को भी आज खोल दिया गया है. कोविड-19 गाइडलाइंस में स्कूलों के लिए निर्देश है कि वो 50 फीसदी शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ के साथ स्कूल खोल सकते हैं.
- श्रीनगर के एक स्कूल में भी बच्चे स्कूल लौटे हैं. यहां पर एक छात्रा ने ANI से कहा, 'आज मैं स्कूल आकर बहुत खुश हूं. हमारे टीचरों ने हमारी बहुत मदद की है. हमें बहुत ज्यादा सावधानियां बरतनी होगी.'
- असम में भी सोमवार से कई स्कूल खुल गए हैं. यहां पर दिसपुर कॉलेज में बच्चे क्लास अटेंड करने के लिए पहुंचे. यहां एक छात्रा ने कहा, 'मैं स्कूल और कॉलेज खोलने के सरकार के फैसले से बहुत खुश हूं. हम पूरी कोशिश करेंगे कि क्लास अटेंड करते हुए हम कोविड-19 गाइडलाइंस का पूरा पालन करें.'
- असम के अलावा हिमाचल प्रदेश, मेघालय और नागालैंड ने भी आंशिक रूप से स्कूलों को खोला है. यहां पर भी नियम के अनुसार 9वीं से 12वीं के बच्चों को अपनी इच्छानुसार और टीचरों और अभिभावकों के निर्देशन में स्कूल आने का विकल्प दिया गया है. इससे निचली कक्षाओं के बच्चों की क्लासेज़ अभी भी ऑनलाइन ही रहेंगी.
- वहीं, चंडीगढ़ में भी कई स्कूल खुलते नजर आए. यहां पर कोविड-19 के तहत जारी सभी नियमों का पालन किया जा रहा है. स्कूलों का सैनिटाइडज़ेशन, कम संख्या में छात्रों और स्कूल स्टाफ को बुलाना वगैरह का ध्यान रखा जा रहा है.
- स्कूलों में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को अनिवार्य किया गया है. स्कूल आने वाले बच्चों और स्टाफ का तापमान चेक किया जा रहा है और जगह-जगह पर सैनिटाइज़र दिया जा रहा है.
- बता दें कि राजधानी दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने 4 सितंबर को गाइडलाइंस जारी कर स्कूलों को आंशिक रूप से खोलने की घोषणा की थी लेकिन 18 सितंबर को सरकार ने संशोधित गाइडलाइंस पेश कीं, जिसमें स्कूलों को पांच अक्टूबर तक बंद रखा गया है.
- इसके अलावा, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी अगले महीने तक स्कूल खुलने के आसार नहीं हैं. ओडिशा ने तो दुर्गा पूजा तक स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है. (एजेंसियों से इनपुट के साथ)
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Schools Reopen News, Unlock 4 Guidelines For School And Colleges, Covid-19 Guidelines