विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2011

रिहा हुए 6 भारतीय बंधक वतन लौटे

सोमालियाई समुद्री लुटेरों के चंगुल से छुड़ाए गए एमवी स्वेज जहाज पर सवार 6 भारतीय शुक्रवार सुबह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कराची / नई दिल्ली: सोमालियाई समुद्री लुटेरों के चंगुल से छुड़ाए गए एमवी स्वेज जहाज पर सवार 6 भारतीय शुक्रवार सुबह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचे। इनके स्वागत के लिए इनके परिवार यहां खास तौर पर आए हुए थे। इन परिवारों के लिए आज का दिन किसी त्योहार से कम नहीं। 10 महीनों तक ये 6 भारतीय नाविक बाकी 16 बंधकों के साथ सोमालिया के लुटेरों के चंगुल में रहे। 11 करोड़ की फिरौती देकर इन्हें छुड़ाया गया। ये फिरौती जहाज के मालिक और पाकिस्तान के सामाजिक कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने अदा की, जिसके बाद इनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। इसके लिए इन लोगों के परिवार अंसार बर्नी का दिल से शुक्रिया अदा कर रहे हैं। अपने रिश्तेदारों को देखकर इन लोगों के चेहरे खिल गए। रिहा हुए भारतीय नाविक हैं- शिमला के अमर चौहान, अंबाला के सतनाम सिंह, रोहतक के रविन्द्र गुलिया, जम्मू के एनके सिंह, मुंबई के रहनेवाले सचिन और कन्याकुमारी के बिजू। पाकिस्तानी नौसेना का जहाज 'जुल्फिकार' इन लोगों को लेकर गुरुवार को जब कराची पहुंचा, तो उनका धूमधाम से स्वागत हुआ। कुल 22 लोग एमवी स्वेज में सवार थे, जिसे सोमालियाई लुटेरों ने अगवा कर लिया था और 10 महीने तक सभी लोग लुटेरों की कैद में रहे। इनमें 6 भारतीयों के अलावा 4 पाकिस्तानी भी शामिल थे, जिनसे मिलने के बाद उनके परिवार वालों ने राहत की सांस ली। कराची पहुंचने के बाद भारतीयों को भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दिया गया। इन लोगों की रिहाई में सबसे बड़ी भूमिका निभाई पाकिस्तान के मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने। भारत के विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने इन लोगों को वापस लाने वाली पाक नेवी की तारीफ की है। कृष्णा ने बयान जारी कर कहा है कि नाविक की घर वापसी पर मैं राहत महसूस कर रहा हूं। हम पाकिस्तानी नेवी के समय पर की गई मदद की सराहना करते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एमवी स्वेज, समुद्री लुटेरे, बंधक, भारतीय क्रू, स्वदेश वापसी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com