- टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवरों में 114 रनों पर रोक दिया
- शाहिद अफरीदी ने सलमान आगा के कप्तानी फैसलों की कड़ी आलोचना करते हुए गेंदबाजी रणनीति पर सवाल उठाए
- मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि टीम को मजबूत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की जरूरत है
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेला गया. पाक क्रिकेट प्रेमियों को हर बार की तरह इस बार भी उम्मीद थी कि ग्रीन टीम चमत्कारिक प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करेगी. मगर ऐसा न हो सका. हर बार की तरह इस बार भी उन्हें नाकामयाबी हाथ लगी. भारत की तरफ से कोलंबो में जीत के लिए मिले 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाक टीम 18 ओवरों में 114 रनों पर ही ढेर हो गई. जिसे देख वहां के फैंस के साथ-साथ पूर्व दिग्गज क्रिकेटर भी नहीं पचा पाए. कई पूर्व पाक दिग्गजों ने मौजूदा खिलाड़ियों की सख्त शब्दों में आलोचना की है, जिनके नाम कुछ इस प्रकार हैं-
शाहिद अफरीदी
पूर्व पाक कप्तान शाहिद अफरीदी ने सलमान आगा के कई फैसलों की जमकर आलोचना की है. उनका मानना है, 'अगर भारतीय टीम के गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण को देखें तो वो इस जीत के हकदार नजर आते हैं. एक तो गलतियां होती हैं. मगर हमने तो ब्लंडर्स किए हैं.'
यही नहीं उन्होंने आगे कहा, 'पहले ओवर को छोड़ दें तो कप्तान (सलमान आगा) के अन्य फैसले बिल्कुल समझ के परे हैं. जो हमारा ट्रंप (उस्मान तारिक) बॉलर था. जिसे हम छुपाकर रखे हुए थे. उससे शुरुआती 10 ओवरों में गेंदबाजी करवाई ही नहीं.'
अफरीदी ने कहा इस मुकाबले में हमारी टीम 'साढ़े आठ बॉलर्स' के साथ उतरी थी. क्या अच्छा नहीं होता कि पांच गेंदबाज और एक ऑलराउंडर के साथ हम जा सकते थे.
बाबर आजम के विकेट पर पूर्व दिग्गज ने कहा, 'हार जीत लगी रहती है. मगर इस तरह की हार समझ से बिल्कूल अलग है. सीनियर खिलाड़ियों को अपनी जिम्मेदारी बखूबी उठानी चाहिए थी.'
मोहम्मद यूसुफ
पूर्व पाक दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने हार के बाद कहा, 'बाबर, शाहीन और शादाब की टीम से छुट्टी होती हुई नजर आ रही है. हमारी टीम को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत के बजाय वास्तविक प्रदर्शन करें.'
रमीज रजा
पूर्व क्रिकेटर और पीसीबी के अध्यक्ष रह चुके रमीज रजा ने टीम की आलोचना करते हुए कहा, 'पाकिस्तान की बल्लेबाजी डिजास्टर थी. पिछले तीन सालों से भारतीय टीम इन्हीं गेंदबाजों के साथ मैदान में उतर रही है. मगर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने पिछली हारों से कुछ सबक लिया ही नहीं. कुलदीप, बुमराह, अक्षर पटेल से कैसे निपटना है? टीम की तरफ से कोई रणनीति दिखी ही नहीं. एक शर्मनाक शिकस्त देखनी पड़ी.'
कामरान अकमल
पूर्व पाक विकेट कीपर सलामी बल्लेबाज कामरान अकमल ने कहा, 'पाकिस्तान की टीम को अच्छा मौका मिला था कि वह टॉस जीत गए थे. अगर टीम ने पहले बल्लेबाजी चुनी होती तो वह आसानी से 160, 170 रन बना सकते थे. मैं तो हैरान हूं कि क्या सोच समझकर उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. मैच के दौरान हमारी तरफ से किसी भी प्रकार की रणनीति नहीं दिखाई दी. बस जो अच्छा नजर आया. वह था मैच का पहला ओवर.'
बासित अली
माफी के साथ कहना चाहता हूं कि कप्तान काफी डरपोक निकले. पहले ओवर में सफलता हासिल की. दूसरे ओवर में बस एक चौका लगा. दो ओवरों में 10 रन दिए और फिर खुद को हटा लिया. हार जाने से अच्छा था कि बारिश हो जाती. कम से कम हमें एक अंक तो मिल जाता.'
यह भी पढ़ें- हेजलवुड की जगह स्मिथ की T20 World Cup में हुई एंट्री, जानें T20I में कैसा है उनका प्रदर्शन