विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2011

'संघ का हौआ खड़ा करने के बजाय भ्रष्टाचार पर ध्यान दें'

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बढ़ते आक्रोश से जनता का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी और केन्द्रीय मंत्री यह हौआ खड़ा कर रहे हैं कि इसमें संघ का हाथ है। संघ के सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भैयाजी) ने कहा, उच्च पदस्थों का भ्रष्टाचार, उनके प्रति सरकार की निष्क्रियता और कहीं-कहीं उनको बचाने की तत्परता के कारण जनता के मन में धधकता असंतोष इन आंदोलनों के माध्यम से व्यक्त हो रहा है। उन्होंने कहा, अन्ना हज़ारे जैसे समाजसेवी और बाबा रामदेव जैसे संन्यासी उस जनाक्रोश को व्यक्त करने के लिए आगे आए हैं। स्वाभाविक है कि सारी जनता उनके पीछे है। ऐसे में उस जनमानस की विनयपूर्वक व सहृदयता से बात सुनने की बजाय रामलीला मैदान पर तानाशाही दमन चक्र चलाना शासन की नासमझी और अड़ियलपन को ही व्यक्त करता है। बयान में कहा गया कि इन जन आंदोलनों में सोची-समझी साजिश के तहत संघ का हौआ खड़ा करने की बजाय सरकार और कांग्रेस को बेकाबू होते जा रहे भ्रष्टाचार को रोकने के उपाय करने चाहिए। जोशी ने कहा, हम आह्वान करते हैं कि इस रवैये को छोड़कर शासन आंदोलनों के पुरोधाओं के साथ छल कपट रहित संवाद बनाकर देश से बाहर गए काले धन को वापस लाने और बढ़ते जा रहे भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए व्यवस्थाओं तथा कानूनों में जरूरी बदलाव पर ध्यान दे। यही आज के समय की महत्वूपर्ण आवश्यकता है। 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
संघ, हौआ, भ्रष्टाचार