यह ख़बर 23 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में रामविलास पासवान की लोजपा और भाजपा करेगी गठबंधन!

पटना:

लोकसभा चुनाव के करीब आने के साथ ही बिहार में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिख रहे हैं। पिछले कुछ चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन में किस्मत आजमा चुकी रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) इस बार भाजपा के साथ गठबंधन कर सकती है।

लोजपा के वरिष्ठ नेता सूरज भान सिंह की मानें तो दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर समझौते हो चुका है और पार्टी जल्द ही इसका ऐलान कर सकती है। सूरज भान ने कहा, 'भाजपा और लोजपा के बीच गठबंधन लगभग तय है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।'

हालांकि पार्टी अध्यक्ष रामविलास पासवान ने इस पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है। वहीं पार्टी नेता और रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान का कहना है कि दो दिन में पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक होने वाली है, जिसमें इस बाबत अंतिम फैसला लिया जाएगा। 

गौरतलब है कि लोजपा प्रमुख पासवना ने पिछले महीने घोषणा की थी कि बिहार में उनकी पार्टी लालू प्रसाद यादव की राजद और कांग्रेस के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। वैसे कहा जा रहा है रामविलास पासवान की कोशिश अपनी पार्टी के लिए 6 से 8 सीट लेने की है, लेकिन न तो आरजेडी और ना ही कांग्रेस उनको इतने सीट देने को तैयार है, इसलिए पासवान चाहते हैं कि बीजेपी से मोलभाव कर कांग्रेस पर दबाब बढ़ाए।

इस बीच, रविवार सुबह राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा और लोजपा के बीच संभावित गठबंधन का संकेत देते हुए संप्रग सरकार पर राजनैतिक हिसाब-किताब बराबर करने के लिए एक सार्वजनिक उपक्रम में भर्ती घोटाला में रामविलास पासवान के खिलाफ सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'हम राजनैतिक विरोधियों के खिलाफ सीबीआई का दुरुपयोग करने के लिए संप्रग सरकार की निंदा करते हैं। इस बार पासवान के खिलाफ लगाया गया है।'

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि जब लोजपा के साथ गठबंधन करने का प्रयास विफल होते दिखा तो कांग्रेस पासवान को प्रताड़ित करने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।

मोदी ने हालांकि इन अटकलों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया कि पर्दे के पीछे आम चुनावों के लिए भाजपा और लोजपा के बीच गठबंधन करने के लिए बातचीत चल रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि फिलहाल लोजपा राजग का हिस्सा नहीं है, लेकिन राजनीति में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।