यूपी सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति के विरोध में उपवास पर बैठे राजनाथ सिंह, अरुण जेटली व सूर्यप्रताप शाही सहित कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
गाजियाबाद:
उत्तर प्रदेश सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति के विरोध में उपवास पर बैठे भाजपा नेता राजनाथ सिंह, अरुण जेटली और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। गाजियाबाद से भाजपा सांसद राजनाथ सिंह, भाजपा नेता अरुण जेटली, मुख्तार अब्बास नकवी और प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही सहित भाजपा के कई नेताओं को पुलिस अधीक्षक (शहर) और एडीएम (प्रशासन) ने गिरफ्तार कर लिया। भाजपा नेताओं को सीआरपीसी की धारा-151 के तहत गिरफ्तार करके पुलिस वैन में पुलिस लाइन ले जाया गया। जिले में धारा 144 लगी है और ऐसे में चार से अधिक लोगों का एक स्थान पर एकत्र होना या किसी तरह की सभा करना प्रतिबंधित है। राजनाथ सिंह अंबेडकर पार्क में उत्तर प्रदेश सरकार के भूमि अधिग्रहण के विरोध में 24 घंटे के उपवास पर बैठे हैं। जेटली और नकवी तथा अन्य प्रदेश इकाई के नेता उनके समर्थन में एकत्र हुए थे। गिरफ्तारी के बाद राजनाथ ने कहा कि उन्हें हिरासत में जहां कहीं भी रखा जाए, लेकिन उनका उपवास शुक्रवार दोपहर 11 बजे तक रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की बसपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है और यहां कानून जैसी कोई चीज नहीं है। जेटली ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि प्रदेश के हालात यह हैं कि यहां वैध प्रदर्शन की भी मनाही है। यह एक असहिष्णु सरकार है। दमन के बावजूद हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
किसान आंदोलन, यूपी, राजनाथ सिंह, उपवास, गिरफ्तारी, भट्टा परसौल