जेएनयू में कन्‍हैया कुमार पर हमले की कोशिश, हमलवार ने कहा- 'सबक सिखाना' चाहता था

जेएनयू में कन्‍हैया कुमार पर हमले की कोशिश, हमलवार ने कहा- 'सबक सिखाना' चाहता था

नई दिल्‍ली:

जेएनयू छात्र संघ अध्‍यक्ष कन्‍हैया कुमार पर विश्‍वविद्यालय के कैंपस में बाहरी शख्‍स ने आज शाम कथित रूप से हमला करने की कोशिश की। हमलावर का कहना है कि वह कन्‍हैया को 'सबक सिखाना' चाहता था। यह लड़का कन्‍हैया को पीटना चाहता था, लेकिन छात्रों ने पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। विकास नाम का ये लड़का गाज़ियाबाद का है। वो जेएनयू का छात्र नहीं है।

दरअसल, कन्‍हैया को पिछले महीने देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्‍हें दिल्‍ली हाईकोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ छह महीने की अंतरमि जमानत दे दी थी, जिसके बाद वह तिहाड़ जेल से रिहा हुए थे।

हालांकि जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार अपने एक बयान को लेकर फिर मुश्किलों में घिरते नजर आए। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने पुलिस में शिकायत दाखिल कर आरोप लगाया कि कन्हैया ने 'देश विरोधी' बयानबाजी कर अपनी जमानत की शर्तों की अनदेखी की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कन्हैया ने मंगलवार रात महिला दिवस के मौके पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, 'चाहे आप मुझे रोकने की कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें, हम मानवाधिकार हनन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। हम अफ्सपा के खिलाफ आवाज उठाएंगे। हमारे सैनिकों के लिए हमारे मन में काफी सम्मान है, लेकिन फिर भी हम इस पर बात करेंगे कि कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिलाओं का बलात्कार किया जाता है।'