शनि शिंगणापुर मंदिर में एक और ऐतिहासिक बदलाव, ट्रस्ट अध्यक्ष बनी महिला

शनि शिंगणापुर मंदिर में एक और ऐतिहासिक बदलाव, ट्रस्ट अध्यक्ष बनी महिला

वैशाली लांडे और अनीता शेट्टे (फाइल फोटो)

मुंबई:

40 वर्षीय गृहिणी अनीता शेट्टे को अहमदनगर जिले में शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया है। कुछ दिन पहले ही अनीता शेट्टे और वैशाली लांडे मंदिर ट्रस्ट की सदस्य चुनी गई हैं। इस मंदिर के इतिहास में पहली बार ट्रस्ट में सदस्य के रूप में महिलाएं भागीदार बनीं और इसके बाद ट्रस्ट की अध्यक्ष भी महिला चुनी गई।  

महिलाओं द्वारा पूजन वर्जित रहेगा
यह मंदिर हाल ही में एक महिला द्वारा पूजा करके मंदिर की परम्परा को तोड़ने के कारण चर्चा में था। अध्यक्ष चुने जाने के तुरंत बाद शेट्टे ने संवाददाताओं से कहा कि वह उस परम्परा को जारी रखेंगी और चौथारा (मंदिर प्लेटफॉर्म) पर महिलाओं को जाने की अनुमति देने की कोई योजना नहीं है। इस मंदिर में शनि भगवान की मूर्ति पर महिलाओं को तेल चढ़ाने की अनुमति नहीं है।

पांच सौ वर्ष पुराने मंदिर के इतिहास में शेट्टे पहली महिला हैं जो मंदिर ट्रस्ट की प्रमुख बनी हैं। वह पांच वर्षों तक इस पद पर रहेंगी। अन्य 11 न्यासियों में भी एक महिला हैं जिनका नाम वैशाली लांडे है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुणे की महिलाओं का समूह धावा बोलने की तैयारी में
पुणे की चार महिलाओं ने चार सौ महिलाओं को एकजुट कर मंदिर परिसर में धावा बोलने और वर्षों पुरानी परम्परा को तोड़ने का निर्णय किया है। इन्हीं विवादों के बीच शेट्टे की नियुक्ति हुई है। पिछले वर्ष एक महिला श्रद्धालु ने मंदिर परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर पूजा की थी जिसके बाद ग्रामीणों ने कथित तौर पर शुद्धिकरण अनुष्ठान किया था जिसको लेकर यह मंदिर सुखिर्यों में रहा।