यह ख़बर 28 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई : असम हिंसा विरोध प्रदर्शन मामले में एक और गिरफ्तारी

खास बातें

  • 11 अगस्त को मुंबई में असम हिंसा के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और गिरफ्तारी की है। यह गिरफ्तारी इस लिए अहम है क्योंकि पुलिस की गिरफ्त में आया यह आरोपी मुंबई के सीएसटी के अमर जवान ज्योति को तोड़ रहा था।
मुंबई:

11 अगस्त को मुंबई में असम हिंसा के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और गिरफ्तारी की है। यह गिरफ्तारी इस लिए अहम है क्योंकि पुलिस की गिरफ्त में आया यह आरोपी मुंबई के सीएसटी के अमर जवान ज्योति को तोड़ रहा था।

मीडिया में आई तस्वीरों के बाद से ही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इसे पकड़ने की फ़िराक में थी लेकिन यह आरोपी मुंबई से फरार हो चुका था। कई दिनों की मशक्कत के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने अब्दुल कादिर नाम के इस आरोपी को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर के अब्दुल को मुंबई लाया गया और उसकी शिनाख्त भी करवाई गई।

मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है जो हिंसा में गोली से घायल हुआ था और अस्पताल में भर्ती था। अब्दुल को तीन और आरोपियों के साथ मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया गया। जहां अदालत ने सभी आरोपियों को 4 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

अब्दुल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है और 11 अगस्त की हिंसा के कुछ दिन बाद तक वह मुंबई में ही रहा था। लेकिन अखबारों में आई खबरों के बाद वह मुंबई से भागकर बिहार में जा छुपा।

अब मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे है कि क्या अब्दुल को हिंसा करने के लिए किसी ने उकसाया था या फिर वह खुद ही इस प्रदर्शन में आया था।

जांच से जुड़े अधिकारी अब इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रहे है कि जहां सभी हिंसा करने वाले आरोपी मीडिया और पुलिस की गाड़ी को आग लगा रहे थे ऐसे में अब्दुल ने अमर जवान ज्योति को ही क्यों अपना निशाना क्यों बनाया... क्या उसे इस बात के लिए बहकाया गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी बता रहे हैं कि अब अब्दुल के अपराधों की फेहरिश्त का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।