प्रशांत-योगेंद्र गुट के करीबी धर्मवीर गांधी को भी 'आप' ने लगाया ठिकाने, मान बने लोकसभा में नेता

भगवंत मान की फाइल फोटो

नई दिल्ली:

प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के निष्कासन का विरोध करने वाले पार्टी सांसद धर्मवीर गांधी को आम आदमी पार्टी में ठिकाने लगा दिया गया। लोकसभा में पार्टी के चार सांसदों का नेतृत्व धर्मवीर गांधी के स्थान पर अब भगवंत मान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पंजाब के पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को पार्टी के अहम पदों से हटाए जाने का खुलकर विरोध किया था।

जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष को भेजी गई चिट्ठी में गांधी की जगह भगवंत मान को पार्टी का नेता बनाने की अनुशंसा की गई है, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बता दें कि पार्टी से गांधी को न निकालने की आम आदमी पार्टी की मजबूरी है। पार्टी ऐसा करके गांधी पर अपना नियंत्रण रखना चाहती है। कारण साफ है कि यदि पार्टी गांधी को निकाल देगी तब भी उनकी संसद सदस्यता बनी रहेगी और वह संसद में निर्दलीय के रूप में बने रहेंगे और अपने मुताबिक फैसले ले सकेंगे। लेकिन यदि पार्टी के सदस्य के रूप में संसद में रहेंगे तो अरविंद केजरीवाल व्हिप के जरिये संसद में उनके क्रियाकलापों पर नियंत्रण रख पाएंगे।