विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2017

MCD results : दिल्‍ली के CM ने लोगों को धमकी दी, जनता ने दिया जवाब : मनोज तिवारी

MCD results : दिल्‍ली के CM ने लोगों को धमकी दी, जनता ने दिया जवाब : मनोज तिवारी
मनोज तिवारी (फाइल फोटो)
  • एमसीडी में बीजेपी को दो-तिहाई बहुमत
  • मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर साधा निशाना
  • आप का प्रदर्शन रहा कमजोर, कांग्रेस तीसरे पायदान पर
नई दिल्ली: एमसीडी चुनावों में बीजेपी के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद दिल्‍ली बीजेपी अध्‍यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्‍ली की जनता ने नकारात्‍मक राजनीति को नकार दिया है. उन्‍होंने कहा कि सीएम केजरीवाल ने चुनाव नतीजे आने से पहले कहा था कि यदि चुनाव परिणाम पार्टी के अनुकूल नहीं आए तो वह आंदोलन करेंगे और ईंट से ईंट बजा देंगे. इस पर तंज कसते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि मुख्‍यमंत्री का काम लोगों के जीवन में बदलाव लाना होता है लेकिन केजरीवाल पहले ऐसे मुख्‍यमंत्री हैं जिन्‍होंने लोगों को धमकी देते हुए कहा था कि ईंट से ईंट बजा देंगे.

इसके अलावा अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट कर कहा था, ''बीजेपी को वोट दिया तो अगले 5 साल तक कूड़ा और मच्छर इसी तरह रहेंगे. कल अगर आपके घर में डेंगू हो जाए तो आप खुद उसके जिम्मेदार होंगे, क्योंकि आपने बीजेपी को वोट दिया है.'' इस पर भी मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर निशाना साधा.

गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के दिन दिल्‍ली बीजेपी अध्‍यक्ष मनोज तिवारी ने बुधवार सुबह दिन की शुरुआत पूजा-पाठ से की थी, और तस्वीरों में वह सूर्य को जल चढ़ाते दिख रहे थे. मनोज तिवारी पहले से ही एमसीडी चुनावों के नतीजों को लेकर उत्साहित बताए जा रहे थे, जिसकी सबसे बड़ी वजह एक्जिट पोलों में बीजेपी की जीत की घोषणा को माना जा रहा था.

बुधवार को ही मनोज तिवारी ने नतीजे आने से पहले NDTV से खास बातचीत में कहा था कि अगर आज हम जीतते हैं, तो जश्न नहीं मनाएंगे, क्योंकि छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले में कई जवान शहीद हुए हैं. उन्होंने कहा था कि उन्होंने भगवान से सबके लिए दुआ मांगी है. हाल ही कांग्रेस के दो दिग्गजों को पार्टी में शामिल करने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा था, हमें जो ठीक लगा, हमने उसे ले लिया. हाल ही में कांग्रेस की दिल्ली प्रदेश महिला शाखा अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह और पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली बीजेपी में शामिल हो गए हैं.


 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MCD Election 2017, Manoj Tiwari, BJP, Arvind Kejriwal AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com