यह ख़बर 25 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली में महिला डॉक्टर पर एसिड हमले का मास्टरमाइंड एक अन्य डॉक्टर

एसिड फेंकने की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी

नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली में एक महिला डॉक्टर पर एसिड फेंकने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक हमले का मास्टरमाइंड भी एक डॉक्टर ही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी डॉक्टर पीड़ित महिला डॉक्टर के साथ बेलारूस में मेडिकल की पढ़ाई कर चुका है और उसी ने निजी रंजिश के चलते महिला पर एसिड फेंकने की साजिश रची थी।

इसके लिए उसने एक अन्य आरोपी की मदद ली। दूसरे आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए दो नाबालिगों को 25 हजार रुपये दिए। उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए एक बाइक भी चुराई थी।

गौरतलब है कि मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली के राजौरी गार्डन के मेन मार्केट में स्कूटी पर सवार महिला डॉक्टर का पीछा करते हुए बाइकसवार दो लड़कों ने उन पर एसिड फेंक दिया था। तेजाब से झुलसी महिला डॉक्टर राहगीरों से मदद की गुहार करती रही, लेकिन काफी देर बाद उसकी मदद के लिए लोग आगे आए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

पुलिस ने लड़की को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। उसके चेहरे और गर्दन का काफी हिस्सा झुलस गया है। करीब 30 साल की यह लड़की हरिनगर की रहने वाली है और एक अस्पताल में डॉक्टर है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com