कोलकाता:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए वाम मोर्चा ने संभवत: सत्ता विरोधी रुझान की आशंका को ध्यान में रखते हुए नौ मंत्रियों और कई मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए। वाम मोर्चा की सूची में 149 नए नामों को शामिल किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि यह उनकी पार्टी की नैतिक जीत है। वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने एक संवाददाता सम्मेलन में 292 उम्मीदवारों की सूचना जारी की। सूची में 149 नए नाम हैं। इसमें मानव मुखर्जी और पार्था डे सहित नौ मंत्रियों के नाम नहीं हैं। सूची के अनुसार सूची में 210 उम्मीदवार माकपा के हैं जबकि फारवर्ड ब्लाक के 34, आरएसपी के 23, भाकपा के 12 उम्मीदवार हैं। विधानसभाध्यक्ष एच ए हलीम, उपाध्यक्ष भक्तिपद घोष स्वास्थ्य कारणों से चुनाव नहीं लडेंगे। सूची के अनुसार मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य जाधवपुर से ही चुनाव लडेंगे। कई मंत्रियों के चुनाव क्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। ऐसे मंत्रियों में आवास विकास मंत्री गौतम देव शामिल हैं। विपक्ष के नेता पार्थ चटर्जी ने कहा कि 149 नए उम्मीदवारों की घोषणा उनकी पार्टी की नैतिक जीत है। उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा ने हार की आशंका के कारण 149 सीटों पर अपने उम्मीदवार बदले हैं। लेकिन इससे चुनावों में उनकी स्थिति में सुधार नहीं होगा।