विज्ञापन
This Article is From Jan 22, 2011

खली के बॉडीगार्ड ने भीड़ पर गोली चलाई, 2 घायल

खली पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष सतपाल गोसाईं के घर आए थे, जहां उनके प्रशंसक इकट्ठे हो गए। खली के बाहर आने पर भीड़ बेकाबू होने लगी।
Ludhiana: दलीप सिंह उर्फ खली के निजी सुरक्षाकर्मी द्वारा भीड़ पर गोली चलाने से दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद खली के सुरक्षाकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर खली के लिए रास्ता बनाने के मकसद से गोलियां चलाईं थीं। पुलिस आयुक्त ईश्वर सिंह ने बताया कि सुरक्षाकर्मी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की धारा-25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आयुक्त ने बताया कि खली शुक्रवार रात भाजपा के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष सतपाल गोसाईं के घर आए थे, जहां उनके प्रशंसक इकट्ठे हो गए। खली के बाहर आने पर भीड़ बेकाबू होने लगी। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक भीड़ के बीच से एक व्यक्ति ने खली की कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे कार का कांच टूट गया। उसने बताया कि खली के लिए रास्ता बनाने के लिए एक सुरक्षाकर्मी कार से बाहर निकला, पर लोगों ने उसे भी धक्का देना शुरू कर दिया। ऐसा होने पर सुरक्षाकर्मी ने अपनी रिवॉल्वर निकाल कर हवा में गोली चलाई, लेकिन इसके बाद भी भीड़ नहीं हटी, जिसके चलते उसने भीड़ की तरफ गोली चला दी। इस घटना में इसी इलाके के दो युवक घायल हो गए। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के पहले कार वहां से जा चुकी थी। सुरक्षाकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
खली, लुधियाना, फायरिंग
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com