यह ख़बर 30 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

कर्नाटक में सियासी संकट : डैमेज कंट्रोल में जुटी बीजेपी

खास बातें

  • कर्नाटक में बिगड़ते राजनीतिक समीकरणों को संभालने के लिए कर्नाटक बीजेपी के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान बेंगलुरु में दोनों गुटों से बात कर रहे हैं।
बेंगलुरु:

कर्नाटक में बिगड़ते राजनीतिक समीकरणों को संभालने के लिए कर्नाटक बीजेपी के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान बेंगलुरु में दोनों गुटों से बात कर रहे हैं। प्रधान राज्य में मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर अड़े कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के गुट से मुलाकात कर चुके हैं। जगदीश शेट्टार की अगुआई में येदियुरप्पा समर्थक धर्मेंद्र प्रधान से मिले।

प्रधान मौजूदा मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा के समर्थकों से भी मिलने वाले हैं। उनको आलाकमान ने कर्नाटक का संकट हल करने के लिए भेजा है। इससे पहले सुबह सदानंद गौड़ा ने राज्यपाल से मिलकर राज्य के मौजूदा राजनीतिक संकट पर बात की।

उधर, येदियुरप्पा धड़े ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा पर करारा प्रहार किया और उन पर विपक्षी जनता दल सेकुलर (जेडीएस) के प्रभाव में आने तथा मंत्रियों को विश्वास में नहीं लेने का आरोप लगाया। नौ मंत्रियों के इस्तीफा देने के एक दिन बाद इस धड़े ने अपने इस कृत्य का कारण बताने का प्रयास किया और समझौता से इनकार किया।

उसने दोहराया कि उनके उम्मीदवार जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाना ही उनकी मांग है। इन नौ मंत्रियों में से एक सीएम उदासी ने संवाददाताओं से कहा, चाहे विकास का मुद्दा हो, निर्वाचन क्षेत्र या फिर मंत्री पद का, मुख्यमंत्री जेडीएस (पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा) की शह पर प्रशासन चला रहे हैं। उदासी ने कहा कि उनके बर्ताव से स्पष्ट है कि वह जेडीएस के प्रभाव में हैं। उन्होंने दोहराया कि मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बीच विश्वास की कमी है और पिछले तीन चार महीने में संबंधों में तनाव आ गया है।

इससे पहले, बीजेपी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष केएस ईश्वरप्पा ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के प्रति निष्ठा रखने वाले नौ मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार करने से मना कर दिया। ये मंत्री मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा को हटाकर अपने पसंदीदा जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।

ईश्वरप्पा ने गौड़ा से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता। इस बीच, बीजेपी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान सरकार पर आसन्न संकट के हल के लिए यहां पहुंच रहे हैं।

ईश्वरप्पा ने उम्मीद जताई कि गौड़ा और शेट्टार का समर्थन कर रहे 'मित्र' पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का पालन करेंगे। श्रम एवं सेरीकल्चर मंत्री बीएन बाचे गौड़ा ने सदानंद गौड़ा से मुलाकात करने के बाद संवाददताओं से कहा कि नेतृत्व परिवर्तन का सवाल ही नहीं उठता।

इस्तीफा सौंपने वाले मंत्री शेट्टार, सीएम उदासी, बासवराज बोम्मई, मुरूगेश निरानी, वी सोमन्ना, उमेश कट्टी, एम पी रेणुकाचार्य, रेवु नायक बेलमागी और राजू गौड़ा हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री ने यहां राजभवन में राज्यपाल एचआर भारद्वाज से मुलाकात की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं, कर्नाटक के राजनीतिक संकट पर कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए कहा है कि बीजेपी में नेतृत्व कर पाने वाले नेताओं की कमी है और यही वजह है कि कर्नाटक, गुजरात और राजस्थान में नेतृत्व के मुद्दे पर विवाद चल रहा है।