विज्ञापन
This Article is From May 10, 2016

गिरफ्तारी के बाद रॉकी यादव ने किया दावा, "मैंने किसी को गोली नहीं मारी, मैं दिल्ली में था"

गिरफ्तारी के बाद रॉकी यादव ने किया दावा, "मैंने किसी को गोली नहीं मारी, मैं दिल्ली में था"
रॉकी यादव (फाइल फोटो)
गया/पटना: जेडीयू नेता के बेटे रॉकी को पुलिस ने गया से करीब 25 किमी दूर बोधगया से गिरफ्तार कर लिया है। रॉकी सड़क पर झगड़े में 20 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या का आरोपी है। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

गया की एसएसपी गरिमा मलिक ने कहा, 'हां, हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हम पूछताछ के आधार पर जगह-जगह छापे मार रहे थे और इसी दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन इस मामले में आपको फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं दे सकती।' उन्होंने कहा,'रॉकी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसे हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसकी SUV भी जब्‍त कर ली गई है।'

गिरफ्तारी के बाद रॉकी यादव को मीडिया के सामने पेश किया गया, जहां उसने पत्रकारों से कहा, "मैंने किसी को गोली नहीं मारी... मैं दिल्ली में था, और इसलिए लौटा, क्योंकि मेरी मां ने मुझे बुलाया..."

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रॉकी का पता उसकी मां से उनके गया स्थित घर में की गई लंबी पूछताछ के बाद चला, और उसे गया से 25 किलोमीटर दूर बोधगया के निकट मौजूद एक फैक्टरी से पकड़ा गया।

 

आदित्य सचदेव की गोली लगने से हुई थी मौत

मुख्यमंत्री ने कहा कानून के लंबे हाथों से नहीं बचेगा
इससे पहले कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जोर देकर कहा कि आरोपी 'कानून के लंबे हाथ' से नहीं बच सकता। युवक की हत्या के विरोध में एनडीए और व्यवसायिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के सोमवार को गया शहर में बंद बुलाया था, जिसका असर दिखा और यहां दुकानें व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार में गिरती कानून व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस राज्य में राष्ट्रपति शासनकाल लगाने का यह उचित समय है।

मनोरमा देवी के बेटे रॉकी पर हत्या का आरोप
जेडीयू विधान परिषद सदस्य मनोरमा देवी के बेटे राकेश रंजन यादव उर्फ रॉकी कुमार यादव पर 6-7 मई की रात में आदित्य सचदेवा नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।

घटना के बाद से फरार रॉकी का पता लगाने के लिए कई जगहों पर छापे मारे गए। रॉकी के पिता बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। गया की एक अदालत ने उन दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

साथ में भाषा इनपुट भी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
जेडीयू, रॉकी, पुलिस, गोली मारकर हत्या, JDU, Son, Bihar, Killing, Manorama Devi, Rocky