यह ख़बर 16 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मछुआरों की 'हत्या', भारत ने जताया रोष

खास बातें

  • इटली के कार्गो जहाज एनरिका लेक्सी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा दो भारतीय मछुआरों को लुटेरे समझकर मार डालने के मामले में भारत ने इटली के राजदूत को तलब किया।
कोल्लम:

भारत ने गुरुवार को दिल्ली में इटली के राजदूत को तलब किया और जलदस्यु होने के संदेह में कथित तौर पर इतालवी पोत पर तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा समुद्र में अपने दो मछुआरों के मारे जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिमी) एम गणपति द्वारा तलब किए गए इतालवी राजदूत जियाकोमो सैनफेलिस ने हालांकि, कहा कि उनके देश की नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकाल का पालन किया।

बुधवार को शाम अलपुझा तट पर इतालवी व्यापारिक पोत पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जलदस्यु होने के संदेह में एक नौका में सवार दो भारतीय मछुआरों को गोलीबारी कर मार दिया। यहां मुलाकात के बाद राजदूत ने कहा कि मामले के तथ्य अभी स्पष्ट होने हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘हम भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यह बहुत ही दुखद घटना है। मैं जिस बात पर बल देना चाहता हूं, वह यह है कि इतालवी पोत कोच्चि बंदरगाह पर अपने आप चला गया था।’ आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना के समय नौका में 11 मछुआरे सवार थे जिनमें से नौ सो रहे थे और चालक तथा एक अन्य व्यक्ति जगा हुआ था जिनकी गोली लगने से मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया, ‘चालक दल की रिपोर्ट के अनुसार कोई पूर्व चेतावनी नहीं दी गई।’ उन्होंने कहा कि मामले की नौ सेना, तटरक्षक और स्थानीय पुलिस जांच कर रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गोलीबारी के बारे में पूछे जाने पर इतालवी राजदूत ने कहा, ‘इतालवी नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकाल का पालन किया क्योंकि इसके पीछे एक पोत आ रहा था जो फ्लैश लाइट भेजे जाने पर भी नहीं रुका।’