यह ख़बर 29 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

हरियाणा : खट्टर ने विभाग बांटे, कैप्टन अभिमन्यु बने वित्तमंत्री

फाइल फोटो

चंडीगढ़:

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज देर रात नई सरकार के विभागों का आवंटन करते हुए गृह और कुछ अन्य प्रमुख विभागों का प्रभार अपने पास रखा। वहीं कैप्टन अभिमन्यु को वित्तमंत्री तथा रामविलास शर्मा को परिवहन और शिक्षा मंत्री बनाया गया है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि खट्टर गृह, ऊर्जा, शहर और ग्राम नियोजन, शहरी संपदा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, सूचना और जनसंपर्क तथा संस्कृति मंत्रालय समेत अधिकतर विभाग अपने पास रखेंगे।

कैप्टन अभिमन्यु को वित्त, राजस्व और आपदा प्रबंधन, वन और पर्यावरण तथा उद्योग और वाणिज्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शर्मा को शिक्षा, परिवहन, तकनीकी शिक्षा, खाद्य एवं आपूर्ति, पर्यटन, नागरिक उड्डयन, संसदीय कार्य जैसे विभाग सौंपे गए हैं।

ओपी धनखड़ राज्य के नये कृषि और सिंचाई मंत्री होंगे, वहीं पांचवी बार विधायक बने अनिल विज स्वास्थ्य, खेल और युवा मामलों के विभागों का कामकाज देखेंगे। राव नरबीर सिंह को नया लोक निर्माण और सार्वजनिक स्वास्थ्य आभियांत्रिकी मंत्री बनाया गया है।

खट्टर सरकार की एक मात्र महिला मंत्री कविता जैन को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग की कमान सौंपी गई है। वह अनुसूचित जाति कल्याण विभाग का प्रभार भी संभालेंगी।

राज्यमंत्रियों में विक्रम सिंह ठेकेदार सहकारिता विभाग का, कृष्ण कुमार बेदी सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग का काम देखेंगे। करण देव कंबोज को रामविलास शर्मा के साथ खाद्य और आपूर्ति विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

खट्टर ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके बाद आज विभागों का आवंटन किया गया।