यह ख़बर 13 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

15 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म, पूर्व डीएमके विधायक गिरफ्तार

खास बातें

  • केरल की रहने वाली 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में डीएमके के एक पूर्व विधायक और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लड़की विधायक के घर पर काम करती थी।
पेरांबलूर:

केरल की रहने वाली 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में डीएमके के एक पूर्व विधायक और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लड़की विधायक के घर पर काम करती थी।

राज्य विधानसभा में पेरांबलूर का प्रतिनिधित्व कर चुके राजकुमार, उनके चालक महेंद्रन और एक अन्य शख्स को लड़की के पिता की शिकायत पर आईपीसी की धाराओं 376 (दुष्कर्म), 367 (ए) (अपहरण) और 302 (हत्या) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

लड़की की छह जुलाई को थेनी के एक अस्पताल में मौत हो गई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फिरोज खान ने कहा कि गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों के अलावा डीएमके का एक कार्यकर्ता समेत तीन अन्य फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

थेनी की सीमा से लगे केरल के इडुकी जिले में पीरमेडू की रहने वाली लड़की 23 जून से पूर्व विधायक के घर में काम कर रही थी। लेकिन, 28 जून को उसने अपने पिता को फोन किया और वापस ले जाने की बात कही। लड़की के पिता को अगले ही दिन सूचना मिली कि उसकी हालत ठीक नहीं है और उसे यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पेरांबलूर पुलिस ने कथित तौर पर खुदकुशी का मामला दर्ज कर लिया।

लड़की के परिवार ने उसे बाद में थेनी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई।

लड़की के रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार के दौरान उसके शरीर पर कुछ घाव देखे और मामले की जानकारी पीरमेडू के माकपा विधायक बिजूमल को दी। कोट्टायम सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया जिसमें पता लगा कि लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने कहा कि लड़की के पिता ने पीरमेडू पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर पूर्व विधायक और केरल पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज करने की तथा मामले को पेरांबलूर पुलिस को स्थानांतरित करने की मांग की थी।