देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) लगातार कहर बरपा रहा है. शनिवार को एक बार फिर 4 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं. हालांकि, यह आंकड़ा शुक्रवार को सामने आए मामलों की तुलना में कुछ कम जरूर है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में 4,01,078 नए कोविड-19 केस दर्ज किए गए. इस दौरान, 4187 लोग वायरस की वजह से जान गंवा चुके हैं. यह एक दिन में कोरोना से होने वाली मौतों का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है.
देश में एक दिन में कोविड-19 से रिकॉर्ड 4,187 लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 2,38,270 पर पहुंच गई है जबकि 4,01,078 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले 2,18,92,676 हो गए हैं.
कोरोना के नए मामलों में उछाल की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होने से एक्टिव केस की संख्या भी बढ़ी है. देश में कुल 37,23,446 एक्टिव केस हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, एक दिन यानी पिछले 24 घंटे में 3,18,609 लोग महामारी से ठीक हुए हैं जबकि अब तक 1,79,30,960 लोग वायरस को मात देने में सफल रहे हैं.
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है. COVID-19 की तीसरी लहर की आशंका के बीच महाराष्ट्र सरकार बच्चों के इलाज के लिए ढांचा तैयार करने के वास्ते बाल कार्यबल गठित कर रही है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह जानकारी दी. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 15 फरवरी से शुरू हुई दूसरी लहर के दौरान 1.30 लाख बच्चे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं.
Coronavirus Latest Updates in Hindi (Covid-19):