देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए मामलों पर लगाम लगते हुए नहीं दिख रही है. सोमवार को एक फिर साढ़े तीन लाख से ज्यादा नए मामले रिपोर्ट किए गए. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 3,68,147 मामले दर्ज किए गए हैं. इस दौरान 3417 लोगों की घातक वायरस की वजह से मौत हुई है. आज के आंकड़ों के बाद देश में कोरोना संक्रमण के मामलों की कुल तादाद 1,99,25,604 पहुंच गई है. वहीं अब तक 2,18,959 लोग वायरस की वजह से जान गंवा चुके हैं.
भारत में लगातार 12वें दिन तीन लाख से ज़्यादा केस सामने आए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3,00,732 मरीज ठीक हुए जबकि अब तक कुल 1,62,93,003 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं. कोरोना के नए मामलों में उछाल से एक्टिव केस की संख्या भी बढ़ी है. भारत में कुल एक्टिव केस 34,13,642 हैं.
देश भर में एक दिन में सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के 3,68,147 मामलों में से 73.78 प्रतिशत मामले बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों से सामने आए हैं जबकि दैनिक संक्रमण दर भी बढ़कर 21.19 फीसद हो गई. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी.