विज्ञापन
This Article is From May 09, 2012

हेलीकॉप्टर हादसे में बाल-बाल बचे अर्जुन मुंडा

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को ले जा रहा हेलीकॉप्टर रांची में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

पीटीआई के मुताबिक मुंडा के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि हवा में 10 मिनट चक्कर लगाने के बाद जब हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया, तो यह एयरपोर्ट में गिर गया। हादसे में मुंडा और उनकी पत्नी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं अपोलो अस्पताल की तरफ से कहा गया है कि मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को 48 घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है।

झारखंड के पुलिस महानिदेशक जीएस रथ ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में उनकी पत्नी, एक विधायक, एक सुरक्षा अधिकारी और दो पायलट थे। उन्होंने बताया कि हेलीकाप्टर अपने गंतव्य (कुचई) में नहीं उतर पाया, तो पायलट ने उसे रांची वापस लाने का फैसला किया। वहां भी उसने हेलीकाप्टर उतारने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाया।

उन्होंने बताया कि हेलीकाप्टर को जबर्दस्ती उतारा गया और इस प्रक्रिया में मुख्यमंत्री और हेलीकाप्टर में सवार अन्य लोगों को कुछ चोटें आईं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। रथ ने कहा किहेलीकाप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्हें कुछ चोटें आई हैं। उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया है लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।

रथ ने बताया कि हेलीकाप्टर हवाई अड्डे के रनवे पर खड़ा है, इसलिए कुछ विमानों के रवाना होने में देरी हुई। उन्होंने कहा, इस मामले की डीजीसीए जांच होगी। हवाईअड्डा अधिकारी इस संबंध में व्यवस्था कर रहे हैं।

पिछले वर्ष मई में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण राज्य के पर्वतीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में खांडू और हेलीकाप्टर में सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इससे पूर्व सितंबर 2009 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की कुरनूल जिले में हेलीकाप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Previous Article
गुरमीत राम रहीम को सुप्रीम कोर्ट से लगा बड़ा झटका, बेअदबी मामले में चलेगा केस
हेलीकॉप्टर हादसे में बाल-बाल बचे अर्जुन मुंडा
फ़ेयरवेल के बाद अपने घर में मृत मिला केरल का अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने लगाया था गलत काम करने का आरोप
Next Article
फ़ेयरवेल के बाद अपने घर में मृत मिला केरल का अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने लगाया था गलत काम करने का आरोप
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com