विज्ञापन

नेपाल में लैंड करते वक्त हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक भारतीय नागरिक की मौत- खतरनाक VIDEO आया सामने

नेपाल में मंगलवार की सुबह सुबह 8.11 बजे सोलुखुम्बु जिले में उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की खतरनाक टक्कर हुई जिसमें एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य यात्री घायल हो गया.

नेपाल में आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर

नेपाल में दो हेलीकॉप्टर की हवा में ही टक्कर हो गई है. मंगलवार की सुबह सोलुखुम्बु जिले में उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की खतरनाक टक्कर हुई जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य यात्री घायल हो गया. घायल यात्री भारतीय मूल का न्यूजीलैंड नागरिक था. नेपाली अखबार काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार जिला पुलिस कार्यालय ने बताया कि एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर द्वारा संचालित यह दोनों हेलीकॉप्टर सुबह करीब 8:11 बजे एक दूसरे से टकरा गए.

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में हुई है, जो एक भारतीय नागरिक थे और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में बैठे थे. उसी हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी इस टक्कर में घायल हो गए. तमांग ने कहा, उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर द्वारा काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया.

रिपोर्ट के अनुसार घायल व्यक्ति की हालत कैसी है, और दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार बाकी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है. फेरीचे की हिमालयी बस्ती में हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी पता नहीं चला है. पुलिस ने कहा कि वे और जानकारी जुटा रहे हैं और मामले की जांच कर रहे हैं.

वीडियो में क्या दिखा?

राजधानी काठमांडू से 250 किमी दूर सोलुखुम्बु के एक हेलीपोर्ट पर यह घटना हुई है और इसका एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. NDTV स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर सका. वीडियो में दिखा कि लैंडिंग से ठीक पहले दो हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों विमान नीचे बर्फीली जमीन पर जा गिरे.

बता दें कि नेपाल में छोटे हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर पर्यटकों, पर्वतारोहियों और जरूरी सामान को लाने-ले जाने के साथ-साथ आपातकालीन स्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए किया जाता है. लेकिन यहां के कठिन भौगोलिक हालात और तेजी से बदलते मौसम के कारण हवाई उड़ानें काफी जोखिम भरी हो जाती हैं. नेपाल में दुनिया के 14 सबसे ऊंचे पर्वतों में से आठ स्थित हैं, जिनमें माउंट एवरेस्ट भी शामिल है. यहां हर साल हजारों विदेशी पर्वतारोही और ट्रेकर आते हैं.

यह भी पढ़ें | ट्रंप के घर से 11 KM दूर प्लेन क्रैश, 9 की मौत, पायलट के आखिरी शब्द- 'हे भगवान, अब समय नहीं बचा' 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Nepal Helicopter Accident, Nepal Helicopter Crash
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com