यह ख़बर 06 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

चीन और पाक को उन्हीं की भाषा में जवाब दें : मुलायम सिंह यादव

खास बातें

  • शून्यकाल में सपा के मुलायम सिंह यादव ने यह मुद्दा उठाते हुए आगाह किया कि चीन की तरफ से देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा है और उस पर यकीन नहीं किया जा सकता क्योंकि वह बार-बार धोखा देता आया है।
नई दिल्ली:

लोकसभा में मंगलवार को चीन और पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखाओं का उल्लंघन करने और भारतीय सैनिकों की हत्या किए जाने पर गहरा रोष जताते हुए इन दोनों देशों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की मांग की गई।

शून्यकाल में सपा के मुलायम सिंह यादव ने यह मुद्दा उठाते हुए आगाह किया कि चीन की तरफ से देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा है और उस पर यकीन नहीं किया जा सकता क्योंकि वह बार-बार धोखा देता आया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भी आज एक बार फिर कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर भारत के पांच जवानों की हत्या करने का दुस्साहस किया। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान दोनों नियंत्रण रेखा पर हमले कर रहे हैं।

मुलायम ने कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच भारत के खिलाफ सांठ-गांठ हो सकती है या नहीं, इस बारे में रक्षामंत्री को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान दोनों ही हमारी सीमा पर घात लगाए बैठे हैं तो हमको पूरा सावधानी बरतनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि चीन हमला करने की पूरी तैयारी कर रहा है और वह हिंदुस्तान पर हमला करेगा। उसने पूरा नक्शा बना लिया है और हिमाचल प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर भी उसकी नजर है।

सपा नेता ने कहा कि चीन ने हाल ही में भारतीय क्षेत्र में 19 किलोमीटर भीतर घुसकर शिविर लगाए थे। उन्होंने कहा कि ठीक है कि वे वापस गए हैं लेकिन उस क्षेत्र को पूरी तरह समझ कर गए हैं कि वहां कैसे आना है और क्या करना है।

उन्होंने कहा कि देश पहले भी चीन से धोखा खा चुका है और 1962 में उसने भारत पर हमला किया जिससे तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को इतना सदमा हुआ कि वह उसे सह नहीं पाए।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और रक्षामंत्री एके एंटनी से मुखातिब होते हुए कहा कि वे चीन पर भरोसा नहीं करें।

मुलायम ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकी सरगना हाफिज सईद जब जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा का दौरा करने आया था तो भारत को उसी समय सतर्क हो जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को भारत जैसे विशाल देश का डर नहीं है।  बांग्लादेश के अलग होने को वह भुला नहीं पा रहा है और इसके चलते वह भारत से नाराज है।

साथ ही उन्होंने सरकार से सवाल किया कि पाकिस्तान के खिलाफ जिस कश्मीर ने देश का इतना साथ दिया, उसे वह क्या दे रही है।

मुलायम ने कहा कि कश्मीर में न रोजगार है, न आवागमन के लिए अच्छी सडकें हैं, न बिजली है, न पानी है। उन्होंने कश्मीरियों को सुविधाएं देने की जोरदार मांग की।

तिब्बत के बारे में उन्होंने कहा कि समाजवादियों की शुरू से राय रही है कि तिब्बत भारत का पहरेदार है लेकिन उसे भी चीन के हवाले कर दिया गया।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि ऐसा करने में भाजपा भी शामिल रही है और इसके लिए अकेले कांग्रेस नहीं बल्कि भाजपा भी दोषी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस बीच केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में करारा जवाब दिया जा सकता है। बस जरूरत है, सबको एक रहने की।