यह ख़बर 17 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भारत को कांग्रेस-मुक्त करने के लिए भाजपा को महासागर में डुबोने होंगे 11 करोड़ लोग : अहमद

फाइल फोटो

कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने भारत को कांग्रेस-मुक्त बनाने के भाजपा प्रमुख अमित शाह के आह्वान पर चुटकी लेते हुए शनिवार को कहा कि उन्हें इसके लिए देश के 11 करोड़ लोगों को हिंद महासागर में डुबाना होगा।

अहमद ने पत्रकारों से कहा, 'हालांकि कांग्रेस को महज 44 सीटें मिली, 11 करोड़ लोगों ने उसे वोट दिया। अगर अमित शाह देश को कांग्रेस-मुक्त बनाना चाहते हैं तो उन्हें 11 करोड़ लोगों को बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और हिंद महासागर में डुबोना होगा जो उप-महाद्वीप के तीन तरफ हैं।'

उन्होंने दावा किया कि दिन प्रतिदिन कांग्रेस का समर्थन करने वाले लोगों में इजाफा हो रहा है क्योंकि मोदी सरकार से उनका मोह भंग हो रहा है।

अहमद से जब हरियाणा के जींद में शाह की कथित टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि कांग्रेस लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए भीख मांग रही है तो उन्होंने कहा कि टिप्पणी न सिर्फ 'अवांछित है बल्कि संसद का अपमान है।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जींद की रैली में पूर्व कांग्रेसी नेता बीरेन्दर सिंह शामिल हुए। रैली में कांग्रेस की आलोचना संबन्धी सिंह के वक्तव्य के बारे में पूछे जाने पर अहमद ने कहा कि वह संदर्भ की जानकारी के बाद ही इसपर कोई प्रतिक्रिया करेंगे। अहमद हरियाणा के पार्टी मामलों के प्रभारी भी हैं।