पाकिस्तान वनडे ट्राई-सीरीज 2026 के छठे मुकाबले में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने श्रीलंका के खिलाफ 132 गेंदों में 167 रन की तूफानी पारी खेली. खास बात यह रही कि डकेट ने अपनी इस पारी में 24 चौके लगाए, लेकिन एक भी छक्का नहीं जड़ा. इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में बिना छक्का लगाए सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए.
बिना छक्का लगाए वनडे में सबसे बड़ी पारियां
वनडे क्रिकेट में बिना एक भी छक्का लगाए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर के नाम है. उन्होंने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 173 रन बनाए थे. अब बेन डकेट 167 रन के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान (161*), दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (153*), वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (153), भारत के सचिन तेंदुलकर (152) और इंग्लैंड के एंड्रयू स्ट्रॉस (152) भी शामिल हैं.
बिना किसी छक्के के ODI में 7 सबसे बड़े स्कोर
- 173 रन - डेविड वॉर्नर बनाम दक्षिण अफ्रीका (2016)
- 167 रन - बेन डकेट बनाम श्रीलंका (2026)
- 161 रन - तिलकरत्ने दिलशान बनाम बांग्लादेश (2015)*
- 153 रन - हाशिम अमला बनाम वेस्टइंडीज (2015)*
- 153 रन - ब्रायन लारा बनाम पाकिस्तान (1993)
- 152 रन - सचिन तेंदुलकर बनाम नामीबिया (2003)
- 152 रन - एंड्रयू स्ट्रॉस बनाम बांग्लादेश (2005)
इंग्लैंड 400 के स्कोर से चूका
मैच की बात करें तो पिछली बार जब इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने आई थीं, तब इंग्लैंड ने 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन वह भी जीत के लिए पर्याप्त नहीं साबित हुआ था. इस बार इंग्लैंड ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 386 रन बनाए हैं. अब देखने वाली बात होगी कि हैरी ब्रूक की टीम इस स्कोर का बचाव कर पाती है या नहीं. सीरीज में पहली जीत की तलाश में उतरी इंग्लिश टीम को उम्मीद होगी कि इस बार उनकी मेहनत रंग लाएगी.
बेन डकेट ने खेली करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी
इंग्लैंड की बल्लेबाजी के हीरो बेन डकेट रहे, जिन्होंने 132 गेंदों पर 167 रन की शानदार पारी खेली. यह उनके वनडे करियर का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है. डकेट ने टॉम बैंटन (74) के साथ पहले विकेट के लिए 163 रन जोड़कर इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई और श्रीलंकाई गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया.
मिडिल ऑर्डर ने भी निभाई भूमिका
सलामी जोड़ी के बाद कप्तान हैरी ब्रूक, विल जैक्स, जॉर्डन कॉक्स और सैम करन ने छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेलीं. हालांकि इंग्लैंड आखिरी ओवरों में वैसी विस्फोटक फिनिश नहीं दे सका, जिसकी बदौलत वह 400 रन के आंकड़े को छू पाता. इसके बावजूद टीम एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.
यह भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस ने मलिंगा समेत 3 कोचों से तोड़ा नाता, IPL 2027 से पहले बदला पूरा गेमप्लान!
यह भी पढ़ें- PSL की किस टीम में अभिषेक शर्मा को देखना चाहते हैं पाकिस्तानी? कामरान अकमल के जवाब ने जीता फैंस का दिल
यह भी पढ़ें- वैभव नंबर-1, हार्दिक और बुमराह को भी किया शामिल, अनाया बांगड़ की प्लेइंग XI में एक से बढ़कर एक धुरंधर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं